Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जब तक मजबूर नहीं किया जाता, हम चुपचाप काम करना पसंद करते हैं : असम के CM ने केजरीवाल पर कसा तंज


गुवाहाटी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फिर से टैग करते हुए अपनी सरकार की शिक्षा के क्षेत्र में विशेष पहल को ट्विटर पर सूचीबद्ध किया। एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए सरमा ने कहा, “जब तक मजबूर नहीं किया जाता, हम चुपचाप काम करना पसंद करते हैं!” उन्होंने कहा, “इस शैक्षणिक वर्ष में हमने चाय बागान श्रमिकों के बच्चों के लिए 100 माध्यमिक विद्यालय स्थापित किए हैं। 100 और पाइपलाइन में हैं।

मुख्यमंत्री सरमा और केजरीवाल के बीच ट्विटर पर चल रही जुबानी जंग 

बता दें चाय बागान असम के सुदूर हिस्सों में स्थित हैं।” वीडियो में दावा किया गया है कि असम में एक मजबूत स्कूली शिक्षा प्रणाली है जिसमें 2 लाख से अधिक शिक्षक 44,521 सरकारी स्कूलों में 65 लाख से अधिक छात्रों को पढ़ा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा कुल 1.18 लाख मध्याह्न भोजन कार्यकर्ता भी लगे हुए हैं। चाय बागान श्रमिकों के बच्चों के लिए इस शैक्षणिक सत्र में जहां 100 माध्यमिक विद्यालय खोले गए हैं, वहीं 100 स्कूल और 10 कालेज सरकार खोलने की तैयारी में हैं।

दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच काफी समय से ट्विटर पर जुबानी जंग चल रही है, जिनमें से प्रत्येक एक दूसरे को अपने राज्य का दौरा करने और किए गए विकास कार्यों को देखने के लिए कह रहे हैं। केजरीवाल को टैग करते हुए सरमा ने शुक्रवार को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियों को साझा किया था। यह विवाद तब शुरू हुआ जब दिल्ली के मुख्यमंत्री ने असम सरकार द्वारा खराब परिणामों के कारण स्कूलों के विलय की एक खबर के जवाब में कहा कि स्कूलों को बंद करना कोई समाधान नहीं है।