Latest News झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

झारखंड में अवैध शराब का सप्लाई करने वाला गिरोह का सरगना गिरफ्तार


रांची। रांची पुलिस ने झारखंड के अलग अलग जिलों में अवैध शराब का सप्लाई करने वाला गिरोह का सरगना गणेश गोराईं को गिरफ्तार किया है। आरोपित से नगड़ी थाना में पूछताछ की जा रही है। एसएसपी को सूचना मिली थी कि गणेश नगड़ी इलाके में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर पहुंचा था। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने नगड़ी इलाके में छापेमारी कर आरोपित को पकड़ा और उसके पास से अवैध शराब बरामद किया। आरोपित बंगाल का रहने वाला है। झारखंड में उसके खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज हैं।

गणेश को पकड़ने की कई बार की जा चुकी है कोशिश

पुलिस ने गणेश को कई बार पकड़ने का प्रयास किया लेकिन गणेश बार बार भागने में सफल हो जाता था। पुलिस ने दो दिन पहले नगड़ी इलाके से 170 पेटी अवैध शराब बरामद किया था। आरोपित ने अपने कई साथियों का नाम पुलिस को बताया है। पुलिस सभी का सत्यापन कर रही है। पुलिस का कहना है कि गणेश का रांची में कई ठिकाना है जहां वह अवैध शराब खपता था। पुलिस सभी ठिकानों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

रांची पुलिस ने की 150 पेटी अवैध शराब बरामद

नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित बालालौंग बस्ती से उत्पाद विभाग और रांची पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापामारी कर मंगलवार को 150 पेटी अवैध शराब बरामद की। रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालालौंग इलाके में शराब माफिया बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर रांची पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने दोपहर में संयुक्त रूप से छापेमारी कर एक एस्बेस्टस के मकान में रखे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया।

बरामद शराब की बाजार में कीमत सात लाख

जब्त शराब की पेटियों में ओल्ड मांक और ट्रिपल एक्स रम की बोतलें भरी थीं। जब्त शराब में अरुणाचल प्रदेश की मुहर लगी है। बरामद शराब का बाजार मूल्य लगभग सात लाख रुपये बताया जा रहा है। पुलिस मकान मालिक का पता लगाने में जुटी है। छापामारी टीम में पुलिस निरीक्षक आभाश कुमार, उत्पाद विभाग के एस आई प्रदीप शर्मा, नगड़ी थाना के अवर निरीक्षक इंद्रदेव उरांव सहित अन्य पुलिस कर्मी और उत्पाद विभाग के कर्मी शामिल थे।

राज्‍य में अवैध शराब के खिलाफ जारी छापामारी अभियान

इधर, अनगड़ा थाना की पुलिस ने मंगलवार को जोन्हा हटियाटांड़ के जंगल में नदी किनारे स्थित झाड़ी में लगी दो अलग-अलग देसी शराब बनाने के भटठी से नौ क्विंटल महुआ जावा को नष्ट किया। साथ ही देसी शराब बनाने की भटठी व ड्रम को नष्ट किया गया। अनगड़ा थाना की पुलिस पिछले तीन दिनों के अंदर अवैध देसी शराब बनाने के लिए रखे गए करीब 15 क्विंटल महुआ जावा को नष्ट कर चुकी है। अनगड़ा थानेदार ब्रजेश कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापामारी अभियान जारी रहेगा।