News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

बिहार नगर निकाय: उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने किया मतदान,


  1. पटना, : बिहार नगर निकाय के दूसरे चरण के चुनाव में 68 नगरपालिका के लिए बुधवार सुबह आठ बजे से वोटिंग हो रही है। शुक्रवार 30 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में मतगणना होगी। इस बार एक मतदाता अपने नगरपालिका क्षेत्र में मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के लिए तीन बार मतदान कर रहे हैं। इस चुनाव में पहली बार हर वोटर को सीधे अपने मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव का मौका दिया गया है। दूसरे चरण में राज्य के 23 जिलों में मतदान हो रहा है। इन जिलों में 17 नगर निगम क्षेत्र, दो नगर परिषद क्षेत्र और 49 नगर पंचायतें शामिल हैं। इस चरण में 68 निकायों में 68 मुख्य वार्ड पार्षद, 68 उप मुख्य पार्षद और 1529 वार्ड पार्षद पद के लिए आज वोटिंग होगी।

 

  • 02:53 PM, 28 Dec 2022

    उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने किया मतदान

    उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने किया मतदान

    बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पटना में वेटरनरी कॉलेज में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान किया। वहीं, भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने भी राजधानी में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान किया।

  • 02:41 PM, 28 Dec 2022

    वोट देने के लिए कतार में लगे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह

    वोट देने के लिए कतार में लगे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह

    भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह सांसद व पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह मोतिहारी में निगम की सरकार चुनने के लिए अपने मत का प्रयोग करने पहुंचे। शहर के ईदगाह स्थित मतदान केंद्र पर वे आम मतदाताओं के साथ कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

  • 01:57 PM, 28 Dec 2022

    सीतामढ़ी में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में जबरदस्त उत्साह

    नगर निगम सीतामढ़ी (Sitamarhi Nagar Nigam) का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में चल रहा है। नगर निगम क्षेत्र के 1 लाख 63 हजार 837 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें 86891 पुरुष व 76934 व अन्य 12 मतदाता हैं। भीषण शीतलहर के बीच मतदान के लिए जबरदस्त उत्साह है। पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक संख्या में वोट के लिए टर्नअप हो रही हैं।

    दोपहर एक बजे तक 26.61 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने जहां वोट किए हैं। वहीं महिला मतदाताओं की प्रतिशतता 28.93 है। निगम के कुल 46 वार्डों में वार्ड पार्षद पद लिए कुल 358 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मुख्य पार्षद के पद के लिए 30 व उप मुख्य पार्षद के एक पद के लिए 33 प्रत्याशी मैदान में हैं। 46 वार्डों में कुल 184 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 167 मूल व 17 चलंत मतदान केंद्र हैं।

  • 01:53 PM, 28 Dec 2022

    भागलपुर में जमकर पड़ रहे वोट

    भागलपुर में निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग लंबी कतार में अपनी बारी की प्रतिक्षा कर रहे हैं। दोपहर एक बजे तक 35.06 प्रतिशत मतदान हुआ है।

    भागलपुर नगर निगम की बात करें तो कुल 25.49 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरुषों की 28.85 प्रतिशत और महिलाओं की 23.13 प्रतिशत भागीदारी रही।

    इसके अलावा सबौर नगर पंचायत में कुल 38.06 प्रतिशत मतदान में 38.09 प्रतिशत पुरुष और 37.22 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोटिंग की।

    वहीं हबीबपुर नगर पंचायत में 37.83 प्रतिशत पुरुष और 45.46 प्रतिशत महिला मतदाताओं के साथ कुल 41.28 प्रतिशत मतदान हुआ।

  • 01:42 PM, 28 Dec 2022

    नगर की सरकार के लिए राज्यपाल और सीएम ने किया मतदान

    राजभवन के पास स्थित मध्य विद्यालय आदर्श मतदान केंद्र पर राज्यपाल फागू चौहान ने वोट डाला। उन्होंने कहा की अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें। दोपहर बाद सीएम नीतीश कुमार भी वोट डालने पहुंचे। जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीएम चंद्रशेखर सिंह ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं निर्वाची अधिकारी डीडीसी तनय सुल्तानिया कंट्रोल रूम से मतदान का जायजा लेते रहे।

  • 01:41 PM, 28 Dec 2022

    धूप निकलने के साथ घरों से निकले मतदाता

    नगरपालिका आम निर्वाचन 2020 के दूसरे चरण में पटना नगर निगम में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। अचानक बढ़ी ठंड के कारण शुरुआत के तीन चार घंटे मतदान की गति धीमी रही। दोपहर के समय धूप निकली तो मतदाता भी घरों से निकलने लगे। सुबह नौ बजे तक करीब पांच प्रतिशत मतदान हुआ। ग्यारह बजे यह 11 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया। निगम क्षेत्र में 1891 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमे 10 आदर्श मतदान केंद्र हैं। करीब साढ़े सत्रह लाख मतदाता हैं।

  • 12:52 PM, 28 Dec 2022

    गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भागलपुर में किया मतदान

    गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भागलपुर में किया मतदान

    भागलपुर में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने वार्ड 20 के राजकीय सारो कन्या मध्य विद्यालय में  मेयर, उप मेयर व वार्ड पार्षद के लिए सबसे पहले मतदान किया। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर पहले मतदान फिर जलपान का नारा देते हुए भागलपुर के लोगों से परिवर्तन के लिए मतदान करने का आग्रह किया।

  • 12:35 PM, 28 Dec 2022

    नालंदा में दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प

    नालंदा जिले के पटेल नगर इलाके में निकाय चुनाव के दौरान दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प की सूचना है। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई है। पुलिस हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। नालंदा के सदर डीएसपी ने कहा कि हम मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। कुछ तत्व शांति को खतरे में डालने की कोशिश कर रहे थे। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा है।