Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Weather : फिलहाल ठंड से मिलेगी राहत, लेकिन जनवरी की शुरुआत से फिर हाल होगा बेहाल


 नई दिल्ली । भारत के उत्तर पश्चिम क्षेत्रों में बुधवार से दिन के तापमान में कमी के कारण ठंड कम होने की संभावना है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया कि नए साल के दिन तक लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामनी ने कहा कि देश के उत्तर पश्चिम इलाकों में लोगों को काफी समय तक शीत लहर और घने कोहरे का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब स्थिति में सुधार होना शुरू हो गया है। बता दें कि पंजाब, हरियाणा, पश्चिम यूपी में घने कोहरे का दौर 19 दिसंबर से शुरू हुआ और 23 दिसंबर से इस क्षेत्र में कोल्ड डे की स्थिति बन गई। तो वहीं 25 और 26 दिसंबर को बहुत गंभीर ठंड का लोगों को सामना करना पड़ा था।

आने वाले दिनों में ठंड से मिलेगी राहत

अधिकारी जेनामनी ने आगे कहा कि सबसे खराब कोहरा 26 दिसंबर की रात को देखा गया था। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्सों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी। उन्होंने कहा कि अब इन ठंडे दिनों और शीतलहर की स्थिति से थोड़ी राहत मिलेगी क्योंकि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, दिन के समय धूप भी राहत देगी। इसके साथ, उन्होंने यह भी बताया कि जब वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मिडिल ईस्ट से आने वाली गर्म हवाएं के साथ गुजरेगी, तो तापमान एक बार फिर गिर जाएगा। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ी बर्फबारी ला सकता है। उन्होंने बताया कि यह 29 दिसंबर के आसपास सबसे अधिक प्रभाव डालेगा।

 

दिन में भी तापमान कम होने का अनुमान

मौसम विभाग ने बताया कि नए साल के आसपास अत्यधिक ठंड नहीं हो सकती है, लेकिन 1 या 2 जनवरी से तापमान में एक बार फिर गिरावट देखने को मिलेगी। दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाएं चलने के कारण दिन के समय तापमान कम हो सकता है। वहीं, रात में भी ठंड से लोगों का हाल बेहाल रहेगा। जेनामनी ने आगे यह भी बताया कि इसके अलावा अगले 24 घंटों तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और उत्तर राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।