-
-
- 14 वर्षों से लगातार हो रहा है कार्यक्रम, 800 केंद्रों से ऑनलाइन जुड़ेंगे पुलिसकर्मी
- कार्यक्रम का उद्देश्य है नये कानून और तकनीक से पुलिसकर्मियों को अवगत कराना : विनय कुमार
-
(आज समाचार सेवा)
पटना। हरेक वर्ष की तरह ही इस बार भी बिहार पुलिस सप्ताह का आयोजन 22 से 27 फरवरी तक होगा। इसके तहत पुलिस मुख्यालय स्तर से लेकर जिला व थाना स्तर पर विभिन्न इनडोर और आउटडोर कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस दौरान हाफ मैराथन, घुड़दौड़, पेंटिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, बैंड और डॉग शो का भी आयोजन होगा। समारोह के मुख्य अतिथि गृह विभाग के अपरमुख्य सचिव आमिर सुबहानी जबकि विशिष्ट अतिथि डीजीपी एसके सिंघल होंगे।
पुलिस मुख्यालय में शनिवार को एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमित कुमार और एडीजी सीआइडी विनय कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता में इस बात की जानकारी दी। पुलिस अफसरों ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को नए कानूनों और तकनीक से अवगत कराना है। देश-विदेश में पुलिसिंग को लेकर हो रहे बदलाव और नए प्रयोग पर विमर्श करना है।
उन्होंने बताया कि सरदार पटेल भवन के सभागार में 22 से 24 फरवरी के बीच नौ विषयों पर शैक्षणिक सत्रों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें देश भर से विशेषज्ञ बुलाए जाएंगे। पुलिसकर्मियोंको साइबर क्राइम, आर्थिक अपराध, पुलिस कल्याण, महिला पुलिस आदि विषयों परव्याख्यान होगा। पुलिसकर्मियों को तनावरहित रखने के टिप्स भी दिए जाएंगे। न्यायालय और पुलिसकर्मियों के बीच सामंजस्य बढ़ाने के लिए भी एक सत्र होगा।
इन सत्रों में करीब 150 पुलिस पदाधिकारी ऑफलाइन भाग लेंगे जबकि राज्य के 800 केंद्रों से करीब 10 हजार पुलिसकर्मी ऑनलाइन जुड़ेंगे। पुलिस सप्ताह के दौरान सभी जिलों के एसपी-एसएसपी अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपने द्वारा गोद लिए गए गांवों का जायजा लेंगे। वहां जाकर ग्रामीणों और वहां के बच्चों के साथ शैक्षणिक एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जनसंवाद बढ़ाएंगे।





