पटना

बिहारशरीफ: आगामी पंचायत चुनाव को लेकर 14 कोषांगों का हुआ गठन


प्रभारी डीएम ने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दी दायित्वों की जानकारी

बिहारशरीफ (आससे)। आगामी पंचायत निर्वाचन 2021 की पूर्व तैयारी को लेकर जिला स्तर पर 14 विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है। मंगलवार को प्रभारी जिलाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता नौशाद अहमद ने विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई तथा कार्यों के निष्पादन के लिए समयबद्ध कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। विशेष रुप से कार्मिक कोषांग को सभी कर्मियों के डेटाबेस को अद्यतन कराने का निर्देश दिया गया। सामग्री कोषांग को सभी आवश्यक सामग्रियों की सूची तैयार कर आपूर्तिकर्ता एवं दर के निर्धारण हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

कार्मिक कोषांग के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता तथा नोडल पदाधिकारी स्थापना उप समाहर्ता रहेंगे। पंचायत निर्वाचन कोषांग के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी जिला पंचायती राज पदाधिकारी रहेंगे। वाहन कोषांग के वरीय प्रभारी उप विकास आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी जिला परिवहन पदाधिकारी बनाए गए हैं।

विधि व्यवस्था कोषांग के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी जिला भू अर्जन पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा विकास कुमार बनाए गए हैं। सामग्री कोषांग के वरीय प्रभारी नगर आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी बनाए गए हैं।

मतपत्र कोषांग के वरीय प्रभारी उप विकास आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी कोषागार पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह रहेंगे। मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी बनाए गए हैं।

प्रशिक्षण कोषांग के वरीय प्रभारी अपर समाहर्ता तथा नोडल पदाधिकारी भूमि सुधार उप समाहर्ता बिहार शरीफ को बनाया गया है। प्रेक्षक कोषांग के वरीय प्रभारी अपर समाहर्ता तथा नोडल पदाधिकारी नजारत उप समाहर्ता होंगे। नामनिर्देशन कोषांग के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला योजना पदाधिकारी रहेंगे।

ईवीएम कोषांग के वरीय प्रभारी अपर समाहर्ता तथा नोडल पदाधिकारी जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह रहेंगे। आदर्श आचार संहिता कोषांग के वरीय प्रभारी जिला सहकारिता पदाधिकारी तथा नोडल पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता मृदुला कुमारी को बनाया गया है।

संचार योजना/ रूट चार्ट कोषांग के वरीय प्रभारी नगर आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता गोपाल प्रसाद बनाए गए हैं। मतपेटिका कोषांग के वरीय प्रभारी उप विकास आयुक्त तथा नोडल पदाधिकारी अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बिहारशरीफ  शिशिर मिश्रा बनाए गए हैं। बैठक में विभिन्न कोषांग के नोडल पदाधिकारी मौजूद थे।