Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

भदोही लोकसभा सीट पर मिली हार के बाद सपा का TMC पर फूटा गुस्सा, प्रदेश अध्यक्ष ने कह दी ये बड़ी बात


ज्ञानपुर (भदोही)। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में संसदीय सीट भदोही पर केवल चुनाव चिह्न के चलते हार मिली है। यदि यहां भी इंडी गठबंधन में शामिल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की जगह सपा का चुनाव चिह्न होता तो बड़े अंतर से जीत हासिल होती। रविवार को जिले में कार्यकर्ताओं संग बैठक के दौरान ज्ञानपुर नगर स्थित एक प्रतिष्ठान में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कहीं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को वोट देने वाले तमाम मतदाता चुनाव चिह्न को लेकर भ्रमित हो उठे। दो डाली छह पत्ती चुनाव चिह्न को समझ नहीं पाए। उन्होंने कहा कि अब संगठन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में लग चुकी है। पार्टी दमदारी के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। लोकसभा चुनाव में प्रदेश में सबसे अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर सपा पहले स्थान पर है। सपा 44 सीटों के जरिए तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है।

विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर दिया जवाब

विधानसभा चुनाव को गठबंधन के साथ लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय शीर्ष नेतृत्व का है। शीर्ष नेतृत्व जो निर्णय लेगा, उसके आधार पर चुनाव लड़ा जाएगा। इसके पूर्व उन्होंने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक करते हुए सभी को विधानसभा चुनाव की तैयारी में जी-जान से जुटने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि चुनाव में गड़बड़ी नहीं होने देना है। सतत निगरानी से कोई बेईमानी नहीं कर सकेगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की। उसी जोश के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव, विधायक भदोही जाहिद बेग, हृदय नारायण प्रजापति, मो. आरिफ सिद्दीकी, शोभनाथ यादव, विकास यादव व अन्य कार्यकर्ता थे।