Latest News TOP STORIES उत्तर प्रदेश लखनऊ

भाजपाने बड़े पैमानेपर हड़पी जमीनें-अखिलेश


गोमतीकी सफाईको लेकर सफेद झूठ बोल रही सरकार
लखनऊ (आससे.) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों की जमीन और फसल की लूट कर रही है। नौ साल में भाजपा के लोगों ने बड़े पैमाने पर जमींनों पर कब्जा किये, जमींने हड़प ली। सरकारी जमीनों को बेंच दिया है। सरकार ने बड़े-बड़े बिजनेस घरानों को अपना रियल स्टेट बैंक बनाने की खुली छूट दी है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके फैसले किसानों के लिए कभी ईमानदार नहीं रहे। किसानों के लिए डिजिटल प्लेट फार्म धोखा है। भाजपा सरकार ने नौ साल में इसे क्यों नहीं बनाया। इस सरकार में किसानों को खाद नहीं मिल रही। किसानों को खाद के बदले लाठियां मिल रही है। कृषि मंत्री के जिले के लोग बता रहे है कि खाद नहीं मिल रही है। कृषि मंत्री को पता ही नहीं खाद कहां से आती है। गन्ना मूल्य नहीं बढ़ा। यह बातें उन्होने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में व्यक्त कीं। श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी गोमती सफाई को लेकर ढ़ोंग कर रहे हैं। जब सरकार के जाने का समय आया है तब मुख्यमंत्री जी को गोमती नदी की सफाई की याद आयी है। सरकार गोमती सफाई को लेकर सफेद टेबल पर बैठकर काला झूठ बोल रही है। भाजपा सरकार की योजना जमीन पर नहीं सिर्फ अखबारों की हेड लाइन में दिखती है। उन्होने कहा कि समाजवादी सरकार ने नदियों की सफाई के लिए एक मॉडल तैयार किया था। लखनऊ में गोमती नदी और वाराणसी में वरुणा नदी के लिए जो मॉडल बनाया था उसी मॉडल से नदियों की सफाई हो सकती है। लेकिन भाजपा सरकार नदियां नहीं साफ कर रही है। यह सरकार बजट साफ कर रही है। भाजपा सरकार नदियों पर नहींए नाले पर रिवर फ्रंट बना रही है। सरकार बजट को लूटने और भ्रष्टाचार करने का प्लान बनाती है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। सोने की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है। इतनी महंगाई कभी नहीं थी। इस महंगाई में गरीब लोग शादियों में बेटी को कील भी नहीं दे पाएंगे। दस ग्राम सोना एक लाख 25 हजार रूपया के पार हो चला है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को स्वदेशी का चूरन देती है। स्वदेशी का नारा जनता को गुमराह करने के लिए दिया जा रहा है। भाजपा के लोग मुंह से स्वदेशी हैं मन से विदेशी हैं। अगर सरकार स्वदेशी का नारा दे रही है तो अपना बाजार विदेशी कम्पनियों के लिए क्यों खोल रखा है। चीन हमारे देश के पूरे मार्केट पर कब्जा कर रहा है। सरकार चीन पर टैरिफ क्यों नहीं लगा रही है। उन्होने कहा कि कानून व्यवस्था एनकाउन्टर से नहीं ठीक हो सकती है। अगर एनकाउन्टर से कानून व्यवस्था ठीक होती तो लखनऊ के बंथरा में घटना कैसे हो गयी। बाल्मीकि परिवार के सदस्य की जान पीट-पीट कर कैसे ले ली गयी। उन्होंने कहा कि जो कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर जीरों टॉलरेंस की बात करते हैं वे बताएं कि कानपुर में अखिलेश दुबे के मामले में सौ तहरीर पड़ी है वहां बुलडोजर क्यों नहीं चला, कानपुर में आईपीएस अपराधियों को बचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार में कई फर्जी एनकाउन्टर हुए है। निर्दोष लोग मार दिये गये। जौनपुर और अन्य जगहों पर फर्जी एनकाउन्टर में पुलिस वाले जेल गये है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भेदभाव की पराकाष्ठा है। भेदभाव की वजह और दबाव के चलते लोग जान दे रहे है। इन सब घटनाओं से पीडीए समाज चिंतित है। एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से झूठे वादे करती है। त्यौहार में अभी तक किसी को गैस सिलेण्डर नहीं मिला है। बिजली व्यवस्था चौपट हो गयी है। सरकार ने मुनाफा कमाने के लिए प्री-पेड मीटर लगा दिया है। प्री-पेड मीटर तेज भाग रहे है। बिजली नहीं आती लेकिन बिल ज्यादा आता है। भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक भी बिजली घर नहीं लगाया।
——————–