News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भाजपा राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, कांग्रेस बस भाई बहन की पार्टी बन कर रह गई


अंबाला/कैथल। भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा आज हरियाणा पहुंंचे। हरियाणा के अंबाला में पन्‍ना प्रमुखों की बैठक के बाद कैथल में रैली में पहुंचे। सुबह करीब साढ़े दस बजे जेपी नड्डा हेलीकाप्‍टर से अंबाला आए थे। इसके बाद कैथल पहुंच गए हैं। कैथल में मंच पर सीएम मनोहर लाल ने भाजपा राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा का स्‍वागत किया।

कांग्रेस को पुराने नेता बाय-बाय कर रहे

नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री ने लाल किले से शौचालय की बात की थी तो कांग्रेस ने खिल्ली उड़ाई थी। कहा था कि लालकिले से प्रधानमंत्री शौचालय बनाने की बात करते हैं। महिला सम्मान जुड़ा है इन चीजों से। हरियाणा आज 100 प्रतिशत ओडीएफ हो गया है । मनोहर लाल को इसके लिए बधाई। कांग्रेस ने वैचारिक पार्टी रह गई न कि राष्ट्रीय पार्टी। कांग्रेस पर तंज कसा कि आप भारत जोड़ो बोल रहे हैं, अरे पहले पार्टी को जोड़ो। सालों दशकों पार्टी के लिए खून पसीना बहाने वाले बाय बाय करके जा रहे हैं। बस भाई बहन की पार्टी रह गयी है।

 

भ्रष्‍टाचार की लड़ाई लड़ने वाले खुद बेल पर हैं

कांग्रेस 383 सीट पर चुनाव लड़ी, 380 पर सूपड़ा साफ हो गया। हम भाई भतीजावाद की पार्टियों से लड़ रहे हैं। पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, पंजाब, जम्मू कश्मीर, तमिलनाडु, शिव सेना सब परिवार की पार्टी हैं। हम इनसे लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री लगे हुए हैं देश के विकास के लिए लड़ रहे हैं और भाजपा साथ खड़े हैं। जो भ्रष्‍टाचार के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं वो खुद बेल पर हैं। मनोहर लाल को तीसरी बार आशीर्वाद दीजिये।

 

हरियाणा में विकास की नई इबारत

हरियाणा में विकास की नई इबारत लिखी गई है। कैथल में मेडिकल कालेज बनने से गांव में बड़े अस्पताल खुल सकेंगे। स्पोर्ट्स के सेंटर बन रहे हैं 36000 करोड़ विदेशी निवेश हरियाणा में हो रहा है। जो लोग भाजपा को समर्थन दे रहे हैं, उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर धन्यवाद करता हूं। आज भाजपा अकेली लोकतांत्रिक पार्टी है जो कार्यकर्ता, गरीब, महिला, किसान , युवा के विकास के काम करती है। लालकिले से प्रधानमंत्री ने महिला सुरक्षा की बात की । इससे पहले किसी प्रधानमंत्री ने नहीं की थी।

jagran

नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री  ने ओबीसी को संवैधानिक दर्जा दिलाया

खिलाड़ी की बात हो और हरियाणा की बात ना करूं तो अन्याय होगा। ओलिंपिक मतलब हरियाणा। पैरा ओलिंपिक  मतलब हरियाणा। कामनवेल्थ मतलब हरियाणा। नड्डा ने कहा, ओबीसी भाइयों की स्थिति को समझा और प्रधानमंत्री ने ओबीसी को संवैधानिक दर्जा दिलाया। प्रधानमंत्री आवास योजना में 60 प्रतिशत मकान बन चुके। ढाई करोड़ मकान बनते हैं। प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना में 100 लाख करोड़ रुपये खर्च करेंगे। डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर में 200 बन कर हरियाणा में बन चुके हैं। 90 प्रतिशत किसानों को हेल्थ कार्ड हरियाणा में मिल चुके हैं।

50 देशों को मुफ्त वैक्सीन दी

जेपी नड्डा ने कहा, इस देश में महामारियों की दवाई आने में दशक लग जाते थे। मोदी कोरोना में महज 9 महीने में 2 वैक्सीन ले आये। अमेरिका के राष्ट्रपति आज भी मास्क पहन कर आते हैं। हमने किसी ने नहीं पहना हुआ। हमने 50 देशों को मुफ्त वैक्सीन दी हैं। अब भारत लेने वाला नहीं, देने वाला भारत है। देश आगे नहीं बढ़ रहा है, छलांग लगा रहा है। मोदी है तो मुमकिन है। भारत जब बोलता था कि मोटा अनाज स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है तो दूसरे देश हंसते थे। अब विश्व पटल पर 72 देशों ने इसे माना है। 37 किमी प्रति दिन नेशनल हाईवे बना रहे हैं जो यूपीए में 4 किमी बनती थी। 220 नए एयरपोर्ट बन रहे हैं। रेलवे लाइन बन रहीं हैं। अब सीधे किसानों के खातों में पैसा पहुंच जाता है। कोई बिचौलिए नहीं। 15 सेकंड के अंदर 11वीं किश्त के 11 करोड़ रुपये पहुंच गए। चुनाव में कोई बिचौलिए मत रखना सीधे कमल का बटन दबा देना।

पीएम ने बदली राजनीति की संस्‍कृति 

रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हरियाणा के कैथल में आना मेरे लिए सौभाग्‍य की बात है। हरियाणा किसानों, जवानों, खिलाडि़यों, पहलवानों और संस्‍कृति की भूमि है। उन्‍होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंन्‍द्र मोदी ने राजनीति की संस्‍कृति बदल दी है। हरियाणा में अगला, पिछड़ा, छोटा, बड़ा समाज की बात सुनाई देती थी। दूसरी पार्टियों ने भाई को भाई से लड़ाया। आगे नहीं बढ़ने दिया। अब संस्‍कृति बदल गई है। हम यह दावा करते हैं। कोई और पार्टी नहीं कर सकती है। कोई सड़क सिंगल लेन नहीं रही। यह रास्‍ता मोदी और मनोहर की सरकार ने दिए हैं।

सही आदमी सत्‍ता में बैठाने का फायदा हुआ

कहा, यह विकास आसानी से नहीं मिला है। जनता ने साथ दिया। कोरोना में हमसे अच्‍छी स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं वाले देश अमेरिका, आस्‍ट्रेलिया तय नहीं कर पाए कि क्‍या करना है। इनकी अर्थव्‍यवस्‍था ठप हो गई। प्रधानमंत्री ने कहा, जान है तो जहान है। समय पर लाकडाउन लगाया। सत्‍ता पर सही पार्टी और सही आदमी बिठाने का फायदा यही होता है।

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हमने सरकार बनने के बाद राजनीति बिरादरी की छवि बदलने का काम किया है। प्रदेश को जातिपाती के जहर को स्‍पर्श नहीं करने दिया। युवाओं को आठ साल में छह लाख से ऊपर रोजगार मिला है। गुमराह करने वालों को एक-एक परिवार का आंकड़ा दे सकता हूं। अग्निवीर पर विपक्ष ने शोर मचाया। हमने भरोसा दिलाया कि प्राथमिकता के आधार पर नौकरी देंगे।

jagran

पहले अंबाला में पन्‍ना प्रमुखों की ली बैठक

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका अंबाला में तीसरा दौरा है। भाजपा बलाना मंडल पन्ना प्रमुखों की बैठक लेकर उनसे सीधे रूबरू हुए। अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र में चार मंडल बनाए गए हैं। बलाना मंडल में 700 पन्ना प्रमुख हैं। इससे पहले अंबाला शहर में ही चारों मंडलों के पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन बुलाया गया था लेकिन इस बार केवल बलाना मंडल के ही पन्ना प्रमुख इसमें शामिल हुए। इसके अलावा किसी भी कार्यकर्ता का प्रवेश निषेध रखा गया था। पंचायती राज चुनावों की आहट के बीच नड्डा का यह दौर बहुत अहम माना जा रहा है। यह कार्यक्रम गांव बलाना के संगीत रिजोर्ट में तय किया गया था।

jagran

500 मीटर के दायरे में ड्रोन, ग्लाइडर उड़ाने पर प्रतिबंध

भाजपा राष्ट्रीय जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पहुंचने से पहले कैथल की अनाज मंडी में कार्यक्रम स्‍थल के आसपास सुरक्षा बल तैनात कर दी गई थी। कैथल अनाज मंडी, हेलीपैड पुलिस लाइन, विश्राम गृह, लोक निर्माण विभाग, के आस-पास के 500 मीटर के दायरे में ड्रोन, ग्लाइडर के उपयोग व उड़ाने पर पाबंदी लगाने के लिए धारा 144 के सीआरपीसी के तहत आदेश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार उक्त कार्यक्रम के दौरान जिला में शांति, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा वीवीआइपी, वीआइपी की सुरक्षा के के मद्देनजर धारा 144 के तहत आदेश पारित किए हैं। अगर काई व्यक्ति आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।