Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

कन्नौज : धार्मिक चबूतरे पर साधु की कुल्हाड़ी से सिर काटकर हत्या, नहीं की थी शादी और भतीजों को दे दी थी संपत्ति


कन्नौज, । खेत पर बने धार्मिक चबूतरे पर साधु की कुल्हाड़ी से सिर काटकर हत्या कर दी गई। राहगीरों ने सिर कटा शव पड़ा देखा तो जानकारी स्वजन को दी। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, वहीं ग्रामीणों में  जमीन की खातिर हत्या की चर्चा है।

ठठिया थाना क्षेत्र के गांव करसाह निवासी 85 वर्षीय गिरधारी लाल पुत्र स्व. मुन्ना सिंह की शादी नहीं हुई थी। भाई व भतीजों के साथ गांव में रहते थे और अपने हिस्से की जमीन भतीजे को दी थी। गिरधारी लाल ने अपने हिस्से की जमीन पर एक धार्मिक चबूतरा बनाया था। वहां पर कुछ प्रतिमाएं भी स्थापित की थीं और पास में ही मंदिर का निर्माण करा रहे थे।

वह रोजाना उसी धार्मिक चबूतरे पर सुबह पूजा करने जाते थे। शुक्रवार सुबह सात बजे के बाद वह धार्मिक चबूतरे पर पूजा करने गए थे लेकिन वापस नहीं आए। उनकी कुल्हाड़ी से हमला कर गर्दन को काटकर हत्या कर दी गई।  करीब आठ बजे गांव के ही अजमेर सिंह ने खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो जानकारी स्वजन को दी।

भतीजे महाराज सिंह, सुधीर सिंह, अतर सिंह, अजमेर सिंह व रतन सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई। शरीर पर कई जगह चोंट के निशान भी मिले हैं। पुलिस की प्राथमिक छानबीन में जमीन के लिए हत्या होने की आशंका जताई गई है। सीओ दीपक दुबे व सर्जना सिंह मौके पर पहुंची। सीओ दीपक ने बताया कि जांच कराई जा रही और जल्द ही रहस्य से पर्दा उठाया जाएगा और हत्यारोपित को जेल भेजा जाएगा।