Latest News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारतमें पुतिनका भव्य स्वागत


एयरपोर्ट पर दोस्तसे गले मिले प्रधानमंत्री, दिया गया गार्ड आफ आनर


दोनों देशोंके बीच कई समझौते होने की उम्मीद
नयी दिल्ली (आससे.)। भारत के जिस मेहमान पर पूरी दुनिया की नजऱ टिकी है, वह गुरुवार देर शाम दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा तो स्वागत करने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद थे। भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अगवानी के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उनके स्वागत में प्राइवेट रात्रिभोज दिया। रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद यह पुतिन का पहला भारत दौरा है। पुतिन करीब 30 घंटे तक भारत में रहेंगे। उनका राजकीय कार्यक्रम शुक्रवार सुबह शुरू होगा। शुक्रवार को सुबह 9 बजे राष्ट्रपति भवन में पुतिन का राजकीय स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सुबह 11 बजे हैदराबाद हाउस में पुतिन अपने मेजबान प्रधानमंत्री मोदी के साथ 23वें भारत-रूस सम्मेलन में भाग लेंगे। हैदराबाद हाउस में शाम चार बजे पुतिन भारत-रूस बिजऩेस फोरम को संबोधित करेंगे और शाम पांच बजे भारत मंडपम में बिजऩेस लीडर्स के साथ मुलाक़ात करेंगे। शाम सात 7 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुतिन के सम्मान में रात्रि भोज देंगी। रात्रिभोज के बाद पुतिन स्वदेश के लिए रवाना हो जाएंगे। पुतिन के भारत पहुंचने से पहले रूस के कई मंत्री दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनमें डिप्टी प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और कृषि मंत्री दिमित्री पेट्रोव शामिल हैं। पुतिन की यात्रा को देखते हुए दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखी गयी है। पुतिन के ठहरने का इंतजाम आईटीसी मौर्या होटल में किया गया है। पुतिन के इस दौरे की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हवाई अड्डे पर अगवानी के बाद पुतिन और मोदी एक ही गाड़ी में बैठकर होटल पहुंचे। हैदराबाद हाउस में बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते होने की उम्मीद है। बैठक एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया जाएगा और दोनों नेता मीडिया से भी मुख़ातिब होंगे। बहरहाल, सबकी नजर भारत-रूस रक्षा सौदों और तेल व्यापार पर टिकी हुई है।
————————