Latest News खेल

महान धावक मिल्खा सिंह को कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती


  • नई दिल्ली, । भारत के महान धावक मिल्खा सिंह को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले हफ्ते बुधवार को ही उन्होंने अपने टेस्ट के पॉजिटिव आने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह बिल्कुल स्वस्थ महसूस कर रहे थे और जल्दी ठीक होने की बात भी कही थी। सोमवार को मिल्खा को कमजोरी महसूस होने के बाद मोहाली के फोटिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिल्खा सिंह के बेटे जीव ने पीटीआइ से बात करते हुए कहा, उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वो काफी कमजोर थे और कल से खाना भी नहीं खा रहे थे। इसी वजह से उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनको लेकर सभी चीजों बिल्कुल सामान्य हैं, हमने सोचा कि उनको भर्ती कराना ही सुरक्षित रहेगा जहां पर कि अस्पताल में उनकी देखभाल सीनियर डॉक्टर की निगरानी में की जाएगी।

आगे उन्होंने बताया कि, वहां पर वह काफी अच्छे डॉक्टरों की निरगानी में हैं। वह बेहद मजबूत इंसान हैं और हमेशा ही सकारात्मक सोच रखते हैं जल्दी वह ठीक होकर वापसी करेंगे।

गुरुवार को पीटीआइ से अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी खुद मिल्खा ने शेयर की थी। उनका कहना था, हमारे कई सहयोगी का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है तो इसी वजह से परिवार के सभी सदस्यों का टेस्ट कराया गया था। टेस्ट की रिपोर्ट सामने आ गई है और इसमें घर के सभी सदस्यों नेगेटिव हैं सिर्फ मेरा ही एक टेस्ट पॉजिटिव आया है। बुधवार को मेरे कोविड टेस्ट की रिपोर्ट आई जिसके बाद मैं काफी चकित हूं।