Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार

मुबारकपुर हत्याकांड का मुख्य आरोपी विजय यादव गिरफ्तार, मॉब लिंचिंग से मचा था बवाल


छपरा। बिहार में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में मॉब लिंचिंग में दो युवकों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार हो गया है।

इस डबल मर्डर कांड के मुख्य आरोपित मुखिया पति विजय यादव को थाना पुलिस एवं एसआइटी ने रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिताबदियारा से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार करने के बाद पुलिस वरीय अधिकारी ने घटना के संबंध में विजय यादव से सघन पूछताछ की। मुबारकपुर डबल मर्डर केस में विजय यादव सहित कांड के प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी कुल नौ आरोपितों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार किए गए प्राथमिकी अभियुक्तों में विजय यादव के अलावा उसके भाई जटूल यादव एवं अजय यादव शामिल हैं, जबकि हत्याकांड के पांच में से तीन प्राथमिकी आरोपित को गिरफ्तार किया जाना अभी बाकी है।

तीन युवकों की निर्मम पिटाई वीडियो हुआ था वायरल

तीन युवकों की निर्मम पिटाई (मॉब लिंचिंग) के वायरल वीडियो एवं अन्य माध्यम से हत्याकांड में संलिप्त लगभग 17 लोगों को पुलिस द्वारा चिह्नित किया गया था। इसमें से छह लोग जेल भेजे गए हैं।

गिरफ्तार किए गए छह अप्राथमिकी अभियुक्तों में दामाद विपुल यादव, साला व्यास कुमार यादव सहित छह शामिल हैं। बता दें कि 2 फरवरी 2023 की दोपहर मुखियापति विजय यादव एवं उसके समर्थकों ने पोल्ट्री फार्म में बंद करके मुबारकपुर गांव के ही तीन युवक की पिटाई की थी।

पीटे गए युवकों के नाम अमितेश कुमार सिंह पिता जयप्रकाश नारायण सिंह, राहुल कुमार पिता संजय सिंह एवं आलोक कुमार सिंह उर्फ विक्की पिता उदय नारायण सिंह हैं। इनकी लाठी, डंडे एवं लोहे के रड व हथौड़ा से निर्मम पिटाई की गई थी।

इससे अमितेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, इलाज के दौरान राहुल ने पटना के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था। आलोक उर्फ विक्की अभी इलाजरत है।

पढ़ें टाइमलाइन

  • 02 फरवरी: पाल्ट्री फार्म में तीन युवकों की पिटाई की गई।
  • 03 फरवरी: पिटाई का वीडियो वायरल हुआ।
  • 04 फरवरी: वीडियो में युवकों की बेरहमी से पिटाई देख आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ व आगजनी की। घटना के बाद पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव।
  • 05 फरवरी: निषेज्ञा लागू कर रात 11 बजे से 9 फरवरी रात 11 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद।
  • 10 फरवरी: इंटरनेट मीडिया पर भडकाऊ संदेश पोस्ट करने वालों के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी।
  • 11 फरवरी: एडीजी विधि व्यवस्था संजय सिंह ने हालात का जायजा लिया।

वारदात पर एक नजर

  • अमितेश व राहुल की हत्या मामले में गिरफ्तार किए गए विजय यादव सहित पांच आरोपित
  • रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिताबदियारा से थाना पुलिस एवं एसआइटी ने गिरफ्तार किया
  • मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में मुखियापति विजय यादव एवं उनके समर्थकों ने तीन युवकों को पाल्ट्री फार्म में बंद कर पीटा था
  • लाठी, डंडे, लोहे की रड एवं हथौड़े से निर्मम पिटाई में अमितेश की मौके पर हुई थी मौत, राहुल ने इलाज के दौरान तोड़ा था दम