Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

‘मैंने दो बार अनशन किया, एक बार 10 दिन और दूसरी बार 13 दिन’; आतिशी का अनशन टूटने पर बोलीं स्वाति मालीवाल


नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने के बाद उनका अनिश्चितकालीन अनशन मंगलवार को पांचवें दिन समाप्त हो गया। वह हरियाणा सरकार से पानी की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर थीं। इसे लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने आतिशी पर तंज कसा है।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “गांधी जी ने अनशन की पवित्र विधि को सत्याग्रह का नाम दिया था। सत्याग्रह जो हमेशा सच्चे और पवित्र मन से किया जाता है। मैंने दो बार अनशन किया। एक बार 10 दिन और एक बार 13 दिन। मेरे अनशन के बाद देश में बच्चों के बलात्कारियों को फांसी की सजा हो, ऐसा कानून भी बना। संघर्ष की राह बहुत मुश्किल होती है। कई साल जमीन पर संघर्ष करके ही अनशन करने की शक्ति हासिल होती है। दूसरों के बारे में पूरा दिन झूठी और गंदी बातें बोलके नहीं। खैर, आशा है जल्द आतिशी जी का स्वास्थ्य ठीक होगा और वो दिल्ली के लोगों के लिए काम करेंगी।”