Latest News उत्तर प्रदेश कानपुर

यूपी के चुनावी नतीजों से कांग्रेस ‘गदगद’, संगठन में मजबूती लाने के लिए बनाई ये योजना; लखनऊ की बैठक में दिए संकेत


कानपुर। लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन से उत्साहित कांग्रेस अब संगठन मजबूत करेगी। जल्द ही दक्षिण शहर को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र से वार्ड और बूथ तक संगठन मजबूत किया जाएगा। शुक्रवार को लखनऊ में हुई पार्टी की राजनीतिक बैठक में इसके संकेत दिए गए हैं।

बैठक में कानपुर पर विशेष रूप से चर्चा

कांग्रेस से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आलोक मिश्र ने बताया कि लखनऊ में प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की उपस्थिति में हुई बैठक में कानपुर पर विशेष रूप से चर्चा हुई। अभी तक दक्षिण अध्यक्ष का प्रभारी शहर कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी के पास है। पार्टी ने उनके नेतृत्व में किदवईनगर व गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में सभी कांग्रेसजन की मेहनत से बेहतर प्रदर्शन किया।

पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र, नेक चंद्र पांडेय, संजीव दरियाबादी, हाफिज मोहम्मद उमर, सोहिल अख्तर अंसारी से लेकर वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी सहयोगी बने। इससे अच्छा प्रदर्शन हो सका। अब दक्षिण में कार्यवाहक के बजाय स्थायी अध्यक्ष नियुक्त करने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व ने संकेत दिए हैं। जल्द ही नया अध्यक्ष देकर वहां संगठन को मजबूत किया जाएगा, जिससे भविष्य में पार्टी को ताकत मिल सके। 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी बेहतरी से लड़ सके।