News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

रामविलास पासवान और तरुण गोगोई को मरणोपरांत मिला पद्म भूषण


नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में 2021 के पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को मरणोपरांत पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।

– कर्नाटक के पैरा-एथलीट केवाई वेंकटेश को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। उन्होंने पैरा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस श्रेणी में उन्होंने दुनियाभर में रिकार्ड मेडल हासिल किए हैं।

– लद्दाख के चुंतलिम चोंजोर को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वो एक समाजसेवी हैं। उन्होंने कारगिल के रिमोट एरिया में दो गांवों को जोड़ने के लिए 38 किलोमीटर का रास्ता अकेले तैयार किया था। इसके लिए उन्हें इस राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

– बास्केटबाल प्लेयर पी अनिता को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। वे 19 साल की उम्र में टीम की कप्तान बनी थीं। वे टीम की कप्तान बनने वाली सबसे युवा खिलाड़ी रहीं।

– गुजरात के पूर्व मुख्‍यमंत्री केशूभाई पटेल को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनके परिजनों को पुरस्कार सौंपा गया।

– कर्नाटक के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डा. बेल्ले मोनप्पा हेगडे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है।

– मूर्तिकार सुदर्शन साहू को राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द द्वारा 2021 के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

– पूर्व लोकसभा स्पीकर को भी पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

– असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया, राष्ट्रपति रामना​थ कोविन्द ने उनकी पत्नी डाली गोगोई को पुरस्कार दिया।

साल 2021 के लिए इन्हें दिया जाएगा पद्म विभूषण

दो दिन के इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हाल में किया जा रहा है। साल 2021 के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने वालों में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो एबी, तमिलनाडु के गायक एसपी बालासुब्रमण्यम (मरणोपरांत-कला), मौलाना वहीदुद्दीन खान, बीबी लाल और अमेरिका के नरिंदर सिंह कपानी शामिल हैं।