Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

लड़कियों से लेकर दुकान और फाइव स्टार होटल को लगाया चूना, ऋषभ पंत को भी ठगा, महाठग बने मृणांक


नई दिल्ली। महंगी कारों का शौक, लड़कियों के साथ मौज-मस्ती, फाइव स्टार होटल में रुकना और लग्जरी लाइफ जीने की तमन्ना के चलते एक क्रिकेटर महाठग बन गया। छोटी दुकानों से लेकर होटल तक, कैब चालक से लेकर लड़कियों तक, ऐसा कोई नहीं जिसको उसने ठगा नहीं। यहां तक कि वो स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत को भी करोड़ों का चूना लगा चुका है। इस शख्स का नाम मृणांक सिंह है। महाठग मृणांक आईजीआई एयरपोर्ट से हॉन्गकॉन्ग जाते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

गिरफ्तारी से बचने के लिए ये महाठग पुलिस को भी तड़ी मारने लगा। वो खुद को आईपीएस, कर्नाटक का एडीजीपी का करीबी बताने लगा, लेकिन पुलिस ने उसकी एक ना सुनी और गिरफ्तार कर लिया। हरियाणा के रहने वाले मृणांक से अब पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को अपनी कलंक कथा सुनाई है। उसकी करतूतें जानने के बाद पुलिस भी हैरान है।

क्रिकेटर से बना महाठग

पुलिस ने बताया कि मृणांक सिंह सेक्टर-17, फरीदाबाद का रहने वाला है। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी कॉम और राजस्थान से एचआर में एमबीए किया है। वह क्रिकेटर है। मृणांक ने 2021 में हरियाणा से रणजी में खेलने का दावा किया है। मृणांक ये भी दावा करता रहा है कि वह 2014 से 2018 तक मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल का हिस्सा था।

लड़कियों के साथ पार्टी करने, फाइव स्टार होटल में रहने का शौक

पूछताछ में पता चला कि मृणांक लग्जरी लाइफ जीने का शौकीन था। वो फाइव स्टार होटल में लड़कियों के साथ पार्टी करता और ड्रग्स लेता था। उसे विदेश यात्रा का भी शौक था। उसके खिलाफ कई राज्यों में ठगी का मुकदमा दर्ज है।

होटलों से धोखाधड़ी का आरोप

मृणांक पर दिल्ली में होटल ताज पैलेस के मालिक से 5.53 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उसके खिलाफ ताज पैलेस होटल के अधिकारी ने चाणक्यपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि मृणांक सिंह ने खुद को क्रिकेटर बताया था। वह होटल ताज पैलेस में 22 जुलाई 2022 से 29 जुलाई 2022 तक रुका था। साढ़े पांच लाख रुपये के बिल का भुगतान किए बिना ही वह होटल से चला गया। बिल के बारे में पूछने पर उसने एडिडास कंपनी द्वारा भुगतान करने की बात कही थी, लेकिन उसने रकम का भुगतान नहीं किया। मृणांक अन्य कई रिसॉर्ट्स और होटलों को भी चूना लगा चुका है। इतना ही नहीं, वो युवा लड़कियों, कैब ड्राइवर, खाने की छोटी दुकानें से भी ठगी कर चुका है।

ऋषभ पंत की भी ठगा

मृणांक टीम इंडिया के क्रिकेटर ऋषभ पंत को भी अपना शिकार बना चुका है। बताया जाता है कि मृणांक ने ऋषभ पंत से 1.63 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने अब उसके खिलाफ धापा 420 के समेत कई तरह के मामले दर्ज किए गए हैं।