पटना

विधायकों के विशेषाधिकार का हनन न हो : स्पीकर


विशेषाधिकार समिति, नियम समिति एवं सामान्य प्रयोजन समिति की बैठक

(आज समाचार सेवा)

पटना।  विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि अधिकारी यह ध्यान रखें, विधायकों के विशेषाधिकारों का किसी भी परिस्थिति में हनन न हो। उनके साथ सौम्यता व सौजन्यता से पेश आयें। अधिकारियों द्वारा प्रोटोकाल के तय गाइड लाइन के अनुसार उनके प्रति सौजँन्यता से सम्मान प्रदर्शित करें। स्पीकर विशेषाधिकार समिति, नियम समिति एवं सामान्य प्रयोजन समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि अधिकरियों द्वारा विधायकों के साथ शिष्टाचार पूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए। विधायकों को उनके दायित्वों के निर्वहन में सकारात्मक भूमिका निभाना चाहिए, जिससे अंतत: लोकतंत्र मजबूत होगा। विधानसभा में १०४ नये सदस्य हैं  इसलिए कार्यपालिका को भी इन सदस्यों को विर्शेष तौर पर अन्य सदस्यों के साथ आवश्यक रुप से सहयोग करना चाहिए। इसके लिए अलग से मुख्य सचिव के साथ एक बैठक की जायेगी।

नियम समिति के संदर्भ में उन्होंने बताया कि इस समिति का मूल कार्य बिहार विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली की समीक्षोपरांत आवश्यक संशोधन का सुझाव देना है। फिलवक्त प्रकिया तथा कार्य संचालन नियमावली में कुल ३०७ नियम है।

उन्होंने इस नियमावली के किसी नियम में संशोधन की संभावना पर समिति के सदस्यों से सुझाव मांगा। सामान्य प्रयोजन समिति की बैठक के बारे में बताया कि इसका कार्यकाल एक वर्ष के लिए होता है। समिति का कार्य सभा तथा सभा के सदस्यों से संबंधित ऐसे विषयों पर जो अध्यक्ष द्वारा कार्य सौंपे जाये उन पर विचार करना और उनके संबंध में मंत्रणा देना है। उन्होंनके बताया कि  सात फरवरी से प्रारंभ हो रहे विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष समारोह की चर्चा विशेष रुप से की।

बैठक में स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के अतिरिक्त कार्यकारी सभापति विधान परिषद अवधेश नारायण सिंह, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, संसदीय कार्य र्मंत्री  विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अवध बिहारी चौधरी, अनिल कुमार, आलोक मेहता, राजकुमार सिंह, अरुण सिंह, शहनवाज, रामरतन सिंह, तथा डा समीर कुमार सिंह एवं विधानसभा सचिव राजकुमार सिंह, कार्यकारी सचिव विधान परिषद विनोद कुमार आदि मौजूद थे।