नयी दिल्ली (आससे.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले के पास कार में विस्फोटक से किए गए आतंकी हमले पर व्यथित मन से बयान जारी किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस भयावह घटना के साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। देश की एजेंसियां इस षड्यंत्र की गहराइयों तक जाएंगी। भूटान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने एक कार्यक्रम में कहा कि आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं कल रात भर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ संपर्क में था। सभी महत्वपूर्ण लोगों के साथ संपर्क में था। जानकारियों के तार जोड़े जा रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की गहराइयों तक जाएंगी। इसके दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
—————————-





