Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

सात अजूबों से ज्यादा भारत दर्शन में रुचि दिखा रहे पर्यटक


नई दिल्ली । कबाड़ के जरिये सात अजूबों का वेस्ट टू वंडर पार्क बनाने के बाद दक्षिणी निगम की ओर से बीते सप्ताह शुरू किया गया भारत दर्शन पार्क लोगों को ज्यादा भा रहा है। यही वजह है कि निजामुद्दीन के वेस्ट टू वंडर पार्क की तुलना में भारत दर्शन पार्क में ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से मात्र छह दिन में भारत दर्शन पार्क ने निगम को 20 लाख रुपये का राजस्व दे दिया है। यह स्थिति तो तब है जब कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस वजह से लोग कम मात्र पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।

सामान्य दिनों में निगम को इससे ज्यादा राजस्व आने की उम्मीद है। दरअसल, पंजाबी बाग में भारत दर्शन पार्क में 17 राज्यों के 22 पर्यटन स्थलों को कबाड़ से बनाकर हूबहू प्रतिरूप दिया गया है। करीब 8.5 एकड़ में बनाए गए इस पार्क 350 टन लोहे के कबाड़ का उपयोग किया गया था। 25 दिसंबर को इस पार्क का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था।

26 दिसंबर को यह पार्क जब जनता के लिए खोला गया तो पहले ही दिन 4325 लोग यहां पहुंच गए। इससे निगम को 5.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। कोरोना के चलते लाकडाउन जैसी स्थिति उत्पन्न न हुई और भारत दर्शन पार्क को बंद नहीं किया गया तो यह पार्क एक साल से भी कम समय में अपनी लागत वसूल करके निगम को दे देगा। पार्क से निगम को प्रति दिन पांच लाख रुपये औसतन आय होती है। एक माह में 25 दिन यह पार्क खुलता है। इससे निगम को प्रति माह सवा करोड़ रुपये का राजस्व आ जाएगा।