Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हरियाणा सरकार ने लोगों की कर दी मौज, CM नायब सैनी ने लाभार्थियों को अलॉट किए 30-30 गज के प्लॉट


रोहतक। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लाभार्थियों को 30-30 वर्ग गज के प्लॉट का आवंटन करने पहुंचे।

रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रोहतक, झज्जर, जुलाना, सफीदों, गोहाना व रेवाड़ी के लाभार्थियों को आवंटित प्लॉट के प्रमाण-पत्र वितरित किए, जबकि करनाल, पिंजौर, जगाधरी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, फतेहाबाद व सिरसा के लाभार्थियों को ऑनलाइन वेब लिंक के माध्यम से आवंटन पत्र दिया जायेगा।

अंत्योदय परिवारों को वितरित किए गए प्लॉट

हरियाणा हाउसिंग फोर ऑल विभाग के द्वारा प्रदेश के 14 जिलों के लाभार्थियों का चयन मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत किया गया है। इस योजना के तहत शहरी अंत्योदय परिवारों को 30-30 वर्ग गज के प्लॉट दिए  गए।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम तथा जगाधरी, पलवल, नारनौल व सिरसा जिला में जोनल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

जगाधरी जिले में आयोजित कार्यक्रम में करनाल, पिंजौर व जगाधरी के लाभार्थी, पलवल जिला में पलवल के लाभार्थी, नारनौल में महेंद्रगढ़ व चरखी दादरी के लाभार्थी, सिरसा में फतेहाबाद व सिरसा के लाभार्थियों को आवंटित प्लॉट के प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।

हर व्यक्ति का सपना होता है घर: सीएम नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर हो। आज उनका सपना पूरा हो रहा है। लाभार्थियों को उनके अपने प्लॉट मिल रहे हैं।

पूर्व की सरकारों ने गरीबों को सब्जबाग दिखाकर भ्रमित किया। उनको प्लॉट दिखा दिए, लेकिन कागज नहीं दिए। हमने उनको प्लॉट देने का निर्णय लिया है।

नायब सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने सौ-सौ गज के प्लॉट में झोल रख दिया। लेकिन उनको प्लॉट नहीं दिए। कब्जे नहीं दिलाए गए।

केंद्र की तर्ज पर मिलेगा सरकारी योजना का लाभ: सीएम नायब सैनी

बिजली देने की बजाय बिजली बिल माफ कर दिया, जिससे निगम और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया। केंद्र की तर्ज पर हरियाणा के लोगों को सरकारी योजना का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में लगी आचार संहिता हटने के बाद 19वां कार्यक्रम है, जिसमें जनता के लिए सरकारी योजना को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। गरीब की सरकार है।

गरीबों को उनके पैरों पर खड़ा किया जा रहा है। कांग्रेस वोट गरीब से लेती थी, लेकिन नौकरी किसी और को दी जाती थी।

भूपेंद्र हुड्डा की सरकार में ये खेल होता था। भाजपा ने जिस परिवार में कोई सरकारी नौकरी नहीं है, उसको पांच अंक ग्रेस मार्क्स देने का काम किया है। लेकिन भर्ती रोको गैंग सक्रिय हो गया।

अदालत में चला गया, जिससे भर्तियों में बाधा पहुंचाई गई। हमारी सरकार गरीब के साथ खड़ी है, विधानसभा में कानून बनाना पड़ा तो वो भी बनाएंगे। पर्ची खर्ची की सरकार चलती थी हुड्डा की सरकार में।

कांग्रेस ने झूठी घोषणा से किया गुमराह: सीएम नायब सैनी

हुड्डा सरकार में लाइन में लगकर सिलेंडर मिलता था, हमने घर पर पहुंचाने का काम किया। अब हुड्डा फिर से 500 रुपए में सिलेंडर देने की झूठी घोषणा कर गुमराह किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने गरीब और जरूरतमंद को लाभ आसानी से लाभ पहुंचाने का काम किया है।

नायब सैनी ने कहा कि देश से संविधान खत्म नहीं होगा बल्कि कांग्रेस खत्म हो रही है। कांग्रेस में बापू बेटा का कब्जा है। अक्टूबर के बाद मैदान में बापू बेटा ही खड़े रह जाएंगे।

मोदी जी तीसरी बार शपथ ले चुके हैं। कांग्रेस तीन अंक भी हासिल नहीं कर सकी। हुड्डा चंडीगढ़ में बैठने के सपने देखना छोड़ दें। चंडीगढ़ का रास्ता कमल के फूल से जाएगा। करनाल की जनता ने कांग्रेस को इसका जवाब दे दिया।