News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हिमाचल प्रदेश में निर्दलीय विधायकों का इस्तीफा स्वीकार, अब इन तीन सीटों पर भी होंगे उपचुनाव


शिमला। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा व विधानसभा के उप चुनाव परिणाम आने से पहले नया राजनीतिक घटनाक्रम घटित हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने तीन निर्दलीय विधायकों द्वारा विधानसभा की सदस्यता से दिया गया त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है।

अब प्रदेश विधानसभा के लिए तीन उपचुनाव होंगे। विधानसभा में इस समय सत्तारूढ़ कांग्रेस के 34 विधायक हैं और विपक्षी भाजपा के 25 विधायक हैं। इन विधायकों के त्यागपत्र स्वीकार होने से पहले तीन निर्दलीय विधायक भी थे।

इन विधायकों ने बजट सत्र के दौरान दिया था त्यागपत्र

तीन निर्दलीय विधायकों ने बजट सत्र के दौरान ही त्यागपत्र दे दिया था। तीनों विधायकों में नालागढ़ से कृष्ण लाल ठाकुर, देहरा से होशियार सिंह और हमीरपुर से आशीष शर्मा शामिल हैं। इन्होंने त्यागपत्र देकर उसके दूसरे दिन भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी लेकिन मामला हर राजनीतिक तौर पर इस तरह से उलझ की प्रदेश उच्च न्यायालय तक पहुंच गया था।

ये तीनों विधायक नहीं पहुंचे थे विधानसभा

आज तीनों निर्दलीय विधायकों को विधानसभा में व्यक्तिगत तौर पर पहुंचना था लेकिन तीनों विधायक नहीं पहुंचे। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने तीनों निर्दलीय विधायकों का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया।

उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की शिकायत के तहत की जा रही जांच में भी तीनों निर्दलीय विधायकों के खिलाफ इसी तरह का निर्णय लिया जाना था। इसे देखते हुए आज ही तीनों निर्दलीय विधायकों का त्यागपत्र स्वीकार किया जा रहा है।