Latest News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय वाराणसी


विकसित देश बन रहा भारत-मोदी
प्रधानमंत्री ने दी चार नयी वंदे भारत ट्रेन की सौगात, बोले-यूपी के तीर्थ स्थलों ने बढ़ायी अर्थव्यवस्था
बनारस के विशिष्टजनों से किया संवाद कहा-शहर की विशिष्टता में दें योगदान
वाराणसी (का.प्र.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के दिशा में हो रहे कार्य, रेलवे, सड़क और देश के अंदर बढ़ता नेटवर्क हमारी समृद्धि को दर्शा रहा है। विकसित देश बनने का यही सबसे बड़ा मानक होता है। वह शनिवार की सुबह अपने संसदीय क्षेत्र के बनारस रेलवे स्टेशन पर चार वंदे भारत ट्रेन की सौगात देने के बाद विशिष्टजनों से संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर वाराणसी से देश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद उन्होंने बनारस से खजुराहो के लिए शुरू हुई नई वंदे भारत मे सवार बच्चों से बात भी की। उनके अनुभवों को भी सुना। विशिष्टों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन चार वंदे भारत के साथ आज देश भर में १६० से अधिक वंदे भारत का संचालन होने लगा है। यह रेलवे की अगली पीढ़ी की तैयारी है। रेलवे को ट्रांसफॉर्म करने के अभियान का एक मजबूत कदम है। यह ट्रेन भारतीयों द्वारा भारतीय टेक्नोलॉजी से बनी ट्रेन है जिसे देखकर विदेशी भी अचंभित होते हैं। यह हर भारतीय को गर्व की अनुभूति कराती है। मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ के ई पावन नगरी में आप सब लोगन के काशी के परिवारजन के हमार प्रणाम। देव दीपावली के बाद आज के दिन भी काशी के विकास पर्व पर आप सबके शुभकामना देत हईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित देशों की प्रगति का सबसे बड़ा आधार मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर रहा है। भारत भी अब तेजी से उसी राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क, सड़कों और नई व्यवस्थाओं के विस्तार से देश के हर हिस्से में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।
पावन धाम अब वंदे भारत नेटवर्क से जुड़ रहे हैं
मोदी ने बताया कि देश में अब 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेन संचालित हो रही हैं। ये ट्रेन भारत की इंजीनियरिंग क्षमता और आत्मनिर्भरता की प्रतीक हैं। वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं। वंदे भारत भारतीयों द्वारा भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की तीर्थ यात्राएं केवल धार्मिक नहीं, बल्कि देश की आत्मा को जोड़ने वाली परंपरा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट, कुरुक्षेत्र जैसे पावन धाम अब वंदे भारत नेटवर्क से जुड़ रहे हैं, जिससे आस्था और विकास दोनों का संगम हो रहा है।
तीर्थाटन और पर्यटन से आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिला
उन्होंने कहा कि पिछले ११ वर्ष में उत्तर प्रदेश में तीर्थाटन और पर्यटन से आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिला है। पिछले वर्ष ११ करोड़ श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आए, जबकि अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद ६ करोड़ से अधिक लोग रामलला के दर्शन कर चुके हैं। इससे यूपी की अर्थव्यवस्था को हजारों करोड़ का लाभ हुआ और लाखों लोगों को रोजगार मिला।
———–
इनकी रही मौजूदगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। केरल के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, जॉर्ज कुरियन, रवनीत सिंह बिट्टू और अन्य गणमान्य व्यक्ति वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े। इस अवसर पर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रवीन्द्र जायसवाल, एमएलसी धर्मेन्द्र राय, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक त्रिभुवन राम, पूर्व सांसद डॉक्टर राजेश मिश्र, पूर्व मंत्री शतरुद्र प्रकाश आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
———————————