Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Assam Flood: असम में बाढ़ से बदतर हुए हालात, 24 जिलों में 11 लाख लोग प्रभावित


गुवाहाटी, । पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। बारिश का सबसे ज्यादा असर असम में देखने को मिल रहा है। कई दिनों से जारी बारिश के कारण हालात बदतर हो गए हैं। गुरुवार को लगातार तीन दिनों तक जारी बारिश के चलते राज्य भर में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। भूस्खलन में चार और लोगों की मौत हो गई है। वहीं, बारिश से नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है।

पढ़ें असम में बाढ़ से जुड़ी 10 बड़ी बातें।

  1. भूस्खलन के कारण चार और लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। बाढ़ और भूस्खलन के कारण मृतकों का आंकड़ा 46 तक पहुंच गया है।
  2. मेघालय में राष्ट्रीय राजमार्ग -6 पर भूस्खलन के के कारण कछार, करीमगंज और हैलाकांडी- बराक घाटी के अलावा बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है।
  3. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि 24 जिलों- बाजाली, बक्सा, बारपेटा, विश्वनाथ, बोंगाईगांव, चिरांग, दरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़, धुबरी, दीमा हसाओ, गोलपारा, होजई, कामरूप में बाढ़ से करीब 11 लाख लोग प्रभावित हैं।
  4. असम में ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों में जल स्तर बढ़ रहा है, जबकि मानस, पगलादिया, पुथिमारी, कोपिली और गौरंगा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
  5. दीमा हसाओ जिले के लैंगडोंग में NEEPCO की कार्बी लंगपी जलविद्युत परियोजना के चार स्लुइस गेट खुलने के बाद कार्बी आंगलोंग, मोरीगांव और नगांव जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
  6. गुवाहाटी में भी कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। नूनमती इलाके के अजंतानगर में तीन लोग घायल हो गए हैं। कामाख्या नर्सरी, खारगुली क्षेत्र के जॉयपुर, बोंडा कॉलोनी, दक्षिण सरानिया, गीतानगर के अमायापुर और 12 माइल में भूस्खलन के कारण सड़कें बाधित हुई हैं।
  7. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने निचले असम में रंगिया डिवीजन के नलबाड़ी और घोगरापार के बीच पटरियों पर जलभराव के बाद कई ट्रेनों को रद या डायवर्ट कर दिया है।
  8. बाढ़ प्रभावित जिलों के प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो या कोई मेडिकल इमरजेंसी न हो, अपने घरों से बाहर न निकलें।
  9. असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी और अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी के बाद कई जिलों में स्कूल और कालेज शनिवार तक बंद किए गए।
  10. असम और मेघालय के लिए शुक्रवार और शनिवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने 124 राहत शिविर और 46 राहत वितरण केंद्र खोले हैं। कुल 61,498 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है।