Latest News झारखंड रांची राष्ट्रीय

रांची से सरपट पटना भागी झारखंड की सबसे तेज दौड़ने वाली हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत PM ने दे दिया ग्रीन सिग्‍नल


रांची। झारखंड की सबसे तेज़ दौड़ने वाली हाई स्पीड ट्रेन रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रांची रेलवे स्टेशन से राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी,परिवहन मंत्री चंपई सोरेन, सांसद संजय सेठ सहित अन्य ने भी हरी झंडी दिखाई।

150 स्‍कूली बच्‍चे कर रहे हैं सफर

ट्रेन अपने निर्धारित समय से 22 मिनट विलंब से रवाना हुई। यह ट्रेन 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से नामकुम पहुंची। इसके बाद नामकुम से मेसरा तक के बीच ट्रेन 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ी। रांची रेलवे स्टेशन से डेढ़ सौ स्कूली बच्चों को सफर कराया जा रहा है।

ट्रेन 4.15 बजे पटना पहुंचेगी

ट्रेन रांची-मेसरा स्टेशन होते हुए 4.15 बजे पटना पहुंचेगी। 379 किलोमीटर की दूरी को ट्रेन छह घंटे में तय करेगी। 28 से ट्रेन नियमित तौर पर चलेगी। यह ट्रेन पटना से सुबह सात बजे खुलेगी और दोपहर एक बजे रांची स्टेशन पर पहुंचेगी। वहीं रांची स्टेशन से ट्रेन 4.15 पर खुलेगी और रात्रि 10.05 बजे पहुंचेगी।

जनशताब्‍दी से अधिक है किराया

बात अगर किराये की करें, तो वंदे भारत का किराया जनशताब्‍दी से अधिक है। अगर आप रांची से मेसरा महज 20 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं, तो इसके लिए आपको करीब सात सौ रुपये देने होंगे। हालांकि, चेयरकार के लिए यह किराया थोड़ा कम है। इसी तरह से बरकाकाना के लिए किराया लगभग एक हजार रुपये है और पटना तक इससे भी कहीं अधिक है।

पांच नए वंदे भारत का तोहफा

गौरतलब है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को पांच अलग-अलग रूटों पर चलने वाली वंदे भारत का तोहफा दे रहे हैं। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस भोपाल (रानी कमलापति)- इंदौर, भोपाल (रानी कमलापति)-जबलपुर, रांची-पटना, धारवाड़-बेंगलुरु और गोवा(मडगांव)-मुंबई शामिल हैं।