चंडीगढ़। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमुल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने एलान किया था कि उनकी पार्टी बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी। इस बयान के बाद पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इशारों-इशारों में कांग्रेस के साथ गठबंधन न करने का एलान कर दिया है।
पंजाब में ऐसा कुछ नहीं करने वाले: सीएम मान
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से कहा कि हम पंजाब में (गठबंधन को लेकर) ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं।उन्होंने पंजाब की 13 सीटों पर कहा कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के पक्ष में 13-0। जब प्रेसकर्ताओं ने ममता बनर्जी को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि हो सकता है, उनकी कोई बातचीत चल रही हो। लेकिन पंजाब में हम ऐसा नहीं करने वाले। मुख्यमंत्री की इस बात से स्पष्ट हो रहा है कि पंजाब में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन नहीं करेगी।
क्या कांग्रेस भी अकेले लड़ेगी चुनाव?
वहीं, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र यादव की मौजूदगी में जालंधर के कांग्रेस नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से गठबंधन का विरोध किया है। कार्यकर्ताओं से जब सवाल पूछा गया कि क्या आप पार्टी से गठबंधन करना चाहिए तो कार्यकर्ताओं ने गठबंधन का विरोध किया और कहा कि पार्टी को अकेले चुनाव लड़ना चाहिए।





