News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Kerala Wayanad Landslide: मृतकों की संख्या 200 पार मलबे में जिंदगी तलाश रहे बचावकर्मी; अब भी सैकड़ों लापता


केरल में मंगलवार देर रात आई लैंडस्लाइड की वजह से 200 लोगों की मौत हो चुकी है। इस त्रासदी का मुद्दा देश को दोनों सदनों में भी उठा। मंगलवार को केरल में दो दिनों के लिए राजकीय शोक की घोषणा की गई है। बुधवार को भी राहत-बचाव कार्य जारी है। प्रभावित इलाकों में डॉक्टरों की टीम मौजूद है, जो घायलों का इलाज कर रहे हैं। वहीं, आज वायनाड का दौरा करने के लिए राहुल और प्रियंका गांधी निकल चुके हैं।

1 Aug 202412:59:28 PM

Wayanad Landslide Live: 200 से ज्यादा लोगों की हो चुकी मौत

वायनाड भूस्खलन पर NDRF के DIG मोहसेन शाहेदी ने कहा,”हमारी जानकारी के अनुसार, 200 से अधिक मौतें हुई हैं। शव बरामद किए जा रहे हैं और 200 से अधिक लोग घायल हैं। पहले दिन, 150 लोगों को बचाया गया और हम अभी भी खोज और बचाव अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभी तक, भारतीय सेना, NDRF, अग्निशमन सेवा, IAF, ICG और अन्य की पर्याप्त टीमें मौके पर हैं और केरल के CM और अन्य अधिकारियों द्वारा एक समीक्षा बैठक भी की गई है।”

1 Aug 202412:32:55 PM

Wayanad Landslide Live: सीएम विजयन ने ली मीटिंग

  केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने वायनाड में सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की।

1 Aug 202411:45:51 AM

Wayanad Landslide Live: भूस्खलन को लेकर सीएम ने ली मीटिंग

केरल के सीएम पिनाराई विजयन वायनाड के कलपेट्टा में सिविल स्टेशन पहुंचे। वह अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, उसके बाद एक सर्वदलीय बैठक होगी।

1 Aug 202411:06:21 AM

Wayanad Landslide Live: वायनाड पहुंचे सीएम पिनाराई विजयन

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन गुरुवार सुबह वायनाड पहुंचे। मुख्य सचिव वी वेणु और डीजीपी शेख दरवेश साहिब तिरुवनंतपुरम से हेलीकॉप्टर पर मुख्यमंत्री के साथ थे। सीएम विजयन सुबह वायनाड के कलपेट्टा पहुंचे और भूस्खलन प्रभावित स्थलों पर स्थिति की समीक्षा करने के लिए अधिकारियों से मुलाकात करने की उम्मीद है। वह बाद में उस स्थल का दौरा करेंगे जहां बचाव अभियान चल रहा है।

1 Aug 202410:51:13 AM

Wayanad Landslide Live: कन्नूर पहुंचे राहुल-प्रियंका

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कन्नर पहुंचे। वे आज भूस्खलन से प्रभावित केरल के वायनाड का दौरा करेंगे।

1 Aug 202410:47:33 AM

Wayanad Landslide Live: सीएम घटनास्थल का करेंगे दौरा: के राजन

  केरल के मंत्री के राजन ने कहा, “यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है, 1600 से अधिक बल बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हैं। सीएम सुबह 9:30 बजे कलपेट्टा पहुंचे और 10:30 बजे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे इस घटनास्थल का दौरा करेंगे”

 

1 Aug 202410:12:27 AM

Wayanad Landslide Live: मरने वालों की संख्या 173 तक पहुंची

वायनाड भूस्खलन त्रासदी में मरने वालों की संख्या 173 तक पहुंच गई है, जबकि लगभग 200 लोग अभी भी लापता हैं। केरल की अब तक की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा के तीसरे दिन 1,200 से अधिक बचाव अधिकारियों ने सुबह अपना अभियान शुरू किया।

वायनाड जिले के चार सबसे अधिक प्रभावित भूस्खलन क्षेत्रों में सेना, नौसेना, वायु सेना, पुलिस, अग्निशमन बलों के अधिकारियों के अलावा स्थानीय लोगों सहित बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है।

1 Aug 20249:03:13 AM

Wayanad Landslide Live: सीएम आज वायनाड आएंगें

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा, “हमने 154 शव जिला प्रशासन को सौंप दिए हैं। हम बरामद शवों के अंगों के जेनेटिक नमूने ले रहे हैं। हमारे सीएम ने सेना और वायुसेना से सहायता मांगी और हमें वह सहायता प्रदान की गई। सीएम आज वायनाड आएंगें और उन्होंने एक आधिकारिक बैठक भी बुलाई है।”

1 Aug 20248:18:29 AM

Wayanad Landslide Live: वायनाड के लिए रवाना हुआ राहुल-प्रियंका

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली से केरल के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी भी हैं। दोनों वायनाड पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।

31 Jul 20246:27:08 PM

राहुल-प्रियंका कल जाएंगे वायनाड

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार को वायनाड जाएंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।

31 Jul 20242:43:46 PM

Wayanad Landslide Live: आपदा के पैसे राज्य भी कर सकता है रिलीज: अमित शाह

वायनाड भूस्खलन को लेकर राज्यसभा में अमित शाह ने कहा कि विपक्ष ने कहा कि आपदा के पैसे रिलीज करने का अधिकार राज्य के पास नहीं है, ये गलत है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि SDRF में 10 प्रतिशत राशि कोई भी राज्य अपने हिसाब से इश्यू कर सकता है। वहीं, 100 प्रतिशत राशि के लिए भारत सरकार से किसी भी परमिशन की आवश्यकता नहीं है, केवल भारत सरकार की गाइडलाइन को फॉलो करना है।

31 Jul 20242:22:09 PM

केरल सरकार ने समय पर लोगों को नहीं निकाला: अमित शाह

वायनाड लैंडस्लाइड को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की नौ टीमें पहले ही केरल भेजी जा चुकी है। केरल सरकार ने समय पर लोगों को नहीं निकाला।

31 Jul 20241:12:45 PM

Wayanad Landslide Live: प्रभावित इलाकों में सेना के 1200 कर्मी तैनात

वायनाड में भूस्खलन से प्रभावित चूरलमाला में खोज और बचाव अभियान जारी है। फिलहाल भारतीय सेना, डीएससी केंद्र, प्रादेशिक सेना, एनडीआरएफ, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना के 1200 बचावकर्मी यहां तैनात हैं। मरने वालों की संख्या 158 हो चुकी है।

31 Jul 20241:04:42 PM

Wayanad Landslide Live: ऐसी दुर्घटनाएं सबक सिखाती हैं: मनोज झा

वायनाड भूस्खलन पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, “ऐसी दुर्घटनाएं सबक सिखाती हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार को बेहतर समन्वय के साथ युद्ध स्तर पर बचाव और राहत अभियान चलाना चाहिए।”

31 Jul 202412:09:31 PM

Wayanad Landslide Live: विस्थापित लोगों को घर का किराया दिया जाए:वीडी सतीशन

वायनाड भूस्खलन पर लोकसभा सांसद वीडी सतीशन ने कहा, “पहली प्राथमिकता बचाव कार्य करना है। सेना और एनडीआरएफ बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। हमें और लोगों के हताहत होने की आशंका है। अभी घरों को फिर से बनाने में समय लगेगा।

उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय विधायक और पंचायतें पूरा सहयोग दे रही हैं। हमने सरकार से मांग की है कि सभी विस्थापित लोगों को घर का किराया दिया जाए क्योंकि उनके पास अब घर नहीं है। हम कल सर्वदलीय बैठक में इन सभी मुद्दों को उठाएंगे। हम इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार के साथ हैं।”

31 Jul 202411:10:53 AM

Kerala Wayanad Landslide Live: आर्मी के 600 कर्मी प्रभावित इलाकों में मौजूद

वायनाड भूस्खलन त्रासदी में मरने वालों की संख्या 153 हो चुकी है। पैरा रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर अर्जुन सीगन ने कहा कि एनडीआरएफ , सेना, राज्य पुलिस, वन अधिकारियों और स्वयंसेवकों के 500 से 600 कर्मी बुधवार को बचाव अभियान चला रहे हैं ।

31 Jul 202410:29:04 AM

Kerala Wayanad Landslide: हजारों लोगों को किया गया शुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

भारतीय सेना ने केरल के वायनाड में विनाशकारी भूस्खलन के बाद अपने बचाव अभियान को तेज कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों से 1,000 से अधिक लोगों को सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाल लिया है। बुधवार सुबह तक, लगभग 70 पीड़ितों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

31 Jul 20249:38:31 AM

Kerala Wayanad Landslide Live: घायलों का इलाज कर रही डॉक्टर

भूस्खलन प्रभावित इलाकों में घायल लोगों के इलाज के लिए लगातार डॉक्टर्स की टीम पहुंच रही है। लोगों का इलाज कर रहे डॉक्टरों में से एक हस्ना ने कहा, “मैं इस राहत शिविर में इसलिए आई हूं क्योंकि सुबह शिविर में बहुत से लोगों को थोड़ी दिक्कत महसूस हुई। ज्यादातर लोगों को सिरदर्द, हाई बीपी जैसी समस्याएं हैं, जो मुख्य रूप से तनाव की वजह से हैं। हम उन्हें दवाइयां दे रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा,” लोग सदमे में हैं इसलिए पहले 3 दिनों तक हम ज्यादा कुछ नहीं कर सकते, जब वे सामान्य हो जाएंगे तो हम आगे का इलाज करेंगे”

31 Jul 20249:20:14 AM

Wayanad Landslide Live: केरल के चार क्षेत्र बुरी तरह से प्रभावित

 ये इलाके सबसे बुरी तरह प्रभावित हैं:

  • चुरालपारा
  • वेलारीमाला
  • मुंडकायिल
  • पोथुकलु

31 Jul 20249:18:41 AM

Kerala Wayanad Landslide Live: अब तक 153 लोगों की मौत

भूस्खलन के एक दिन बाद भी लापता लोगों की तलाश जारी है। बुधवार को मरने वालों की संख्या 153 तक पहुंच गई है। वहीं, 98 लोग लापता हैं।

31 Jul 20248:30:54 AM

Kerala Wayanad Landslide Live: केरल की स्वास्थ्य हुईं सड़क दुर्घटना का शिकार

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज की गाड़ी मलप्पुरम जिले के मंजेरी के पास मामूली रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वे वायनाड जा रही थीं। उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज मंजेरी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

31 Jul 20248:21:17 AM

Kerala Wayanad Landslide Live: भूस्खलन प्रभावित इलाकों में सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सेना की 122वीं इन्फैंट्री बटालियन राहत-बचाव कार्य में जुट चुकी है। सेना के जवान प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों की मदद कर रहे हैं। वहीं, मलबे में फंसे हुए लोगों को बचाना सेना की पहली प्राथमिकता बन चुकी है।

31 Jul 20248:18:50 AM

Kerala Wayanad Landslide Live: राहत बचाव कार्य दूसरे दिन भी जारी

वायनाड के चूरलमाला में कल सुबह हुए (30 जुलाई) भूस्खलन के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है, जिसमें 143 लोगों की मौत हो गई है।

31 Jul 20248:17:51 AM

Kerala Wayanad Landslide Live: केरल विधानसभा में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया गया

वायनाड भूस्खलन को लेकर शोक प्रकट करते हुए केरल विधानसभा में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया। बता दें कि केरल में दो दिनों का राजकीय शोक है। अब तक 143 लोगों की मौत की जानाकारी सामने आ चुकी है।

31 Jul 20247:26:29 AM

Wayanad Landslide: वायनाड लैंडस्लाइड में अब तक 143 लोगों की मौत

वायनाड लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक 143 लोगों की मौत हो गई है। सेना जान पर खेलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

31 Jul 20246:42:55 AM

अरब सागर में तापमान बढ़ने से वायनाड में भारी बारिश-भूस्खलन

एक वरिष्ठ जलवायु विज्ञानी ने मंगलवार को कहा कि अरब सागर में तापमान बढ़ने से घने बादल बन रहे हैं, जिसके कारण केरल में कम समय में भारी बारिश हो रही है और भूस्खलन होने का खतरा बढ़ रहा है। वायनाड में हुए भूस्खलन की वजह भी अरब सागर में तापमान बढ़ना है।

31 Jul 20244:07:09 AM

वायनाड दौरे पर नहीं जाएंगे राहुल और प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वे खराब मौसम की स्थिति और लगातार बारिश के कारण वायनाड का दौरा नहीं कर पाएंगे। केरल के वायनाड जिले में हुए विनाशकारी भूस्खलन के बाद कई लोगों की जान चली गई।

31 Jul 20242:09:25 AM

संयुक्त राष्ट्र के दूत ने जताया दुख

भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट समन्वयक शोम्बी शार्प ने वायनाड में विनाशकारी भूस्खलन पर संवेदना व्यक्त की है। संयुक्त राष्ट्र के दूत ने कहा कि उनकी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।

31 Jul 202412:59:42 AM

116 शवों का हुआ पोस्टमॉर्टम

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि 116 शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है।

31 Jul 202412:19:35 AM

पीएम ने की केरल के सीएम से बात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने केरल के सीएम पी. विजयन से बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। भूस्खलन प्रभावित इलाकों में वायनाड के मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टमाला और नूलपुझा गांव शामिल हैं।

30 Jul 202411:01:12 PM

युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य

सेना व बचाव दल युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। आपदा की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बचावकर्मियों को नदियों और कीचड़ से लोगों के क्षत-विक्षत अंग मिल रहे हैं।

/

30 Jul 202410:02:06 PM

123 लोगों की मौत हो गई जबकि 128 लोग जख्मी

केरल के वायनाड में भारी बारिश के कारण मंगलवार तड़के बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन में चार गांव पूरी तरह तबाह हो गए। इस प्राकृतिक आपदा में 123 लोगों की मौत हो गई जबकि 128 लोग जख्मी हुए हैं। 3,000 से अधिक लोग बचाए जा चुके हैं।

30 Jul 20249:41:27 PM

Wayanad Landslide: 108 लोगों की मौत

केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने बताया कि वायनाड भूस्खलन में 108 लोगों की जान चली गई, 128 लोग घायल हुए हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है।

30 Jul 20248:34:01 PM

बचाव कार्य के लिए 300 कर्मी तैनात

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि मंगलवार को केरल के वायनाड के मेप्पाडी इलाके में भूस्खलन के बाद 250 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है और बचाव कार्य के लिए 300 कर्मियों को तैनात किया गया है।

30 Jul 20248:21:33 PM

स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी रद

सीएम पिनाराई विजयन ने कहा कि आवश्यक आपूर्ति पहुंचाने के लिए कदम उठाए गए हैं। 20,000 लीटर पीने का पानी ले जाने वाले दो वाहन आपदा क्षेत्र में पहुंचेंगे। छुट्टी पर गए स्वास्थ्य कर्मियों को तुरंत काम पर लौटने का निर्देश दिया गया है।

30 Jul 20247:52:06 PM

पीएम मोदी ने दिया मदद का भरोसा

केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने बताया कि आपदा की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री और राहुल गांधी समेत कई पार्टी नेताओं ने मदद की पेशकश की है। उन्होंने हमें भरोसा दिलाया है कि हम इस संकट से निपटने के लिए मिलकर काम करेंगे।

30 Jul 20246:47:26 PM

Kerala Wayanad Landslide: 93 से अधिक लोगों की मौत

वायनाड के चूरलमाला क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा बचाव अभियान जारी है। भूस्खलन में अब तक 93 से अधिक लोगों की मौत हो गई।

30 Jul 20246:29:09 PM

एनडीआरएफ की टीम वायनाड पहुंच चुकी

सीएम पिनाराई विजयन ने कहा कि 60 सदस्यों वाली एनडीआरएफ की टीम वायनाड पहुंच चुकी है और बेंगलुरु से 89 सदस्यों वाली टीम आने वाली है।

30 Jul 20245:26:12 PM

फायर फोर्स के 321 सदस्य तैनात

केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने बताया कि वायनाड में फायर फोर्स के 321 सदस्यों को तैनात किया गया है। सेना की सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

30 Jul 20244:19:47 PM

Kerala Wayanad Landslide Live: नदी के उफान से टूटा पुल

 केरल में भूस्खलन के बाद भी बारिश का प्रकोप जारी है। पलक्कड में बरसात की वजह से राज्य में कई नदियां उफान पर है। इसी बीच एक वीडियो सामने आई है,जिसमें देखा जा सकता है कि नदी के जोरदार बहाव की वजह से पुल टूट गया।