Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

‘दो लड़कों की जब से बढ़ी राजनीतिक ताकत बढ़ गए अपराधियों के हौसले’, BJP का राहुल-अखिलेश पर निशाना


नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि हाल में ‘दो लड़कों’ (राहुल गांधी और अखिलेश यादव) की राजनीतिक ताकत बढ़ने से उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने समाजवादी पार्टी पर अपराधियों को शरण देने का आरोप लगाया। साथ ही दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में कथित रूप से इससे जुड़े दो लोगों की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर हमला किया।

आपराधों को बचाने में एक-दूसरे की मदद कर रहा आईएनडीआईए

उन्होंने कहा कि न केवल सपा अपराधियों को कवर फायर दे रही है, बल्कि विपक्षी आईएनडीआईए के सदस्य भी अपने गठबंधन सहयोगियों के आपराधों को बचाने में एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।

दो लड़कों से जुड़े लोग क्राइम कर रहे हैं- भाजपा

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा सांसद अखिलेश यादव का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा, “दो लड़कों से जुड़े लोग क्राइम कर रहे हैं। इन दो लड़कों की ताकत बढ़ने के बाद से अपराधियों का दुस्साहस बढ़ गया है।” हाल के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में इनके गठबंधन ने भाजपा नीत एनडीए को पीछे छोड़ दिया था।

अपराधियों के साथ खड़ा होना सपा के डीएनए में

उन्होंने कहा कि अपराधियों के साथ खड़ा होना समाजवादी पार्टी के डीएनए में है। सुधांशु त्रिवेदी ने एक मामले में आरोपियों का क्राइम साबित करने के लिए डीएनए परीक्षण की सपा की मांग पर तंज कसा।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी साधा निशाना

भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी चीफ ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सीएम ममता के इस रुख के लिए उनपर निशाना साधा कि अगर कोलकाता पुलिस ने रविवार तक मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के साथ हुए जघन्य अपराध को नहीं सुलझाया तो वह इस मामले को सीबीआई को सौंप देंगी।

राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा की चुप्पी पर सवाल

उन्होंने सीएम ममता से सवाल पूछा कि क्या इतना समय इसलिए दिया जा रहा है ताकि मामले में हेरफेर किया जा सके? सुधांशु त्रिवेदी ने मामले की जांच तत्काल सीबीआई को सौंपने की मांग की। इन अपराधों पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आईएनडीआईए की पार्टियां अपने गठबंधन में आपराधिक तत्वों को छुपा रही हैं।