पटना

पटना का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री


  • दो फरवरी तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
  • बीपी और ब्रेन हेमरेज रोगियों से अस्पताल हाऊसफुल

(आज समाचार सेवा)

पटना। बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रविवार को पटना समेत कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रही। पटना, भागलपुर, छपरा और भागलपुर को शीतलहर प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने दो फरवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वैसे चार फरवरी के बाद मौसम में सुधार की उम्मीद है।

राजधानी पटना के तापमान की बात करें तो यहां अधिकतम १४ डिग्री सेंटीग्रेड तो न्यूनतम तीन डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। कमोवेश गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, वैशाली और छपरा की भी यही स्थिति रही है। कडाक़े की ठंड का आलम यह है कि राजधानी के प्रमुख अस्पतालों में बीपी और ब्रेन हेमरेज पीडि़त मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गयी है और प्राय: सभी सरकार व प्रमुख निजी अस्पतालों में हाउसफूल की स्थिति है। आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट कर दिया गया है वहीं सभी अस्पतालों को भी अलर्ट रखा गया है। परेशानी यह है कि आखिर बीमार मरीजों को बेड मिले तो कहां से मिलें।

मौसम विज्ञान की मानें तो  पटना, गया, भागलपुर, छपरा और वैशाली में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण न्यूनतम पारा काफी नेीचे आया है। पटना व गया में इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया है। यहां जनवरी माह में ठंड का तीन साल का रिकार्ड टूट गया है। इससे पहले वर्ष २०१८ में पारा २.८ डिग्री दर्ज किया गया था। भागलपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और छपरा के लोग भी ठंड के सितम से बेहाल हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो चार फरवरी तक स्थिति में सुधार की उम्मीद नहीं है। इसके बाद स्थिति सुधरेगी। हालांकि रविवार को अहले सुबह से ही धूप निकल गया था, परंतु उसमें तपीश नहीं थी। कनकनी से लोग परेशान थे।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक कुमार सिन्हा के अनुसार ठंड की गंभीर स्थिति होने पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाता है। वर्तमान स्थिति येलो अलर्ट से बाद और रेड अलर्ट से पहले की बीच की स्थिति है। अमूमन प्राकृतिक आपदा की स्थिति में रेड अलर्ट जारी किया जाता है। ओरेंज अलर्ट का सीधा मतलब है ठंड खतरनाक स्थिति की ओर बढ़ रहा है और ठंड से बचाव की समूचित तैयारी बेहद जरुरी है। लगातार शीत दिवस या शीत लहर की स्थिति बने रहने की वजह से मौसम विज्ञान केंद्र ने दो फरवरी तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।