Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

Bihar: ‘अधिक से अधिक सांसदों को…’, कांग्रेस की तैयारी शुरू! अखिलेश बोले- पुरानी बातें भी खत्म हुईं


पटना। पूर्णिया लोकसभा सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़े पप्पू यादव ने कमाल कर दिया। उन्होंने राजद प्रत्याशी बीमा भारती और जदयू प्रत्याशी संतोष कुशवाहा को करारी शिकस्त दी। पप्पू यादव की शानदार जीत के बाद कांग्रेस का भी रिएक्शन आ गया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि अब पप्पू यादव सांसद चुने जा चुके हैं, तो पुरानी बातें भी खत्म हुईं। कांग्रेस का झंडा लगाकर उन्होंने वोट मांगे और जीते हैं। अभी अधिक से अधिक सांसदों को जोड़ने का समय है।

पप्पू के साथ क्या हुआ था?

बता दें कि पप्पू यादव ने लोकसभा चुनाव से पहले अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय कर लिया था। पप्पू यादव को आस थी कि कांग्रेस उन्हें पूर्णिया से उतारेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। महागठबंधन में पूर्णिया सीट राजद को मिली और राजद ने पप्पू को साइडलाइन कर दिया। इसके बाद पप्पू निर्दलीय लड़े और अब सांसद बन गए हैं।

दिल्ली में सियासी पारा हाई!

दिल्ली में अब नई सरकार के गठन को लेकर सियासी पारा हाई है। नीतीश कुमार एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। नीतीश कुमार के संदर्भ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपनी भूमिका उन्हें ही तय करनी है। चंद्राबाबू नायडू को भी। ऐसा तो नहीं कि दोनों हमारे साथ नहीं रहे हों। वे दोनों नरेन्द्र मोदी की नीतियों का विरोध करते रहे हैं।

बिहार में चुनाव परिणाम को कांग्रेस की अपेक्षा से कम बताते हुए अखिलेश ने हार का ठीकरा कथित विश्वासघातियों के सिर फोड़ा। अखिलेश ने कहा कि चुनाव में विरोधी दल और खेमा के लिए काम करने वाले कांग्रेस नेता चिह्नित किए जाएंगे। कमेटी बनाकर उसकी जांच होगी और इधर-उधर करने वालों पर पार्टी की ओर से कार्रवाई होगी।