Latest News अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

BRICS में चंद्रयान-3 पर मोदी-मोदी, ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ अखबार पढ़ते दिखे पीएम


नई दिल्ली, । भारत ने चंद्रमा पर फतह हासिल कर ली है। इसरो का मिशन चंद्रयान-3 सफल हो गया है। 23 अगस्त की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर भारत ने इतिहास रच दिया। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर हर भारतीय का सिर गर्व से तो ऊंचा हुआ ही है। साथ ही, विदेशी मीडिया में भी भारत का मिशन मून छाया रहा।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की खबर ब्रिटेन से लेकर अमेरिका के अखबारों की सुर्खी बनी। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी अखबार ने भी इसे फ्रंट पेज पर छापा है। पीएम मोदी की अफ्रीकी अखबार पढ़ते हुए एक तस्वीर सामने आई है। बता दें कि पीएम मोदी ब्रिक्स सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका की राजधानी जोहान्सबर्ग में हैं। पीएम की तस्वीर को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर शेयर किया है। जयशंकर ने कैप्शन में लिखा है- आज सुबह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में।

तस्वीर में पीएम मोदी अखबार पढ़ते दिख रहे हैं। ये अखबार दक्षिण अफ्रीका का ‘The Star’ है। अखबार के पेज पर चंद्रयान-3 की खबर है। खबर की हेडिंग में लिखा है- India’s Modi out of This World। पीएम के साथ ब्राजील के राष्ट्रपति भी तस्वीर में दिखाई दे रहे हैं।

हमारे लिए गर्व की बात: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 की सफलता पर कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि को पूरी मानवता के लिए एक उपलब्धि के रूप में स्वीकार किया जा रहा है। मैं भारतीयों, हमारे वैज्ञानिकों की ओर से शुभकामनाएं देने के लिए विश्व के वैज्ञानिक समुदाय को धन्यवाद देता हूं।

विदेशी मीडिया जमकर की तारीफ

सीएनएन ने लिखा है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट इतिहास में किसी भी अन्य अंतरिक्ष यान की तुलना में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के करीब है। वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा कि चंद्रयान-3 लैंडिंग मॉड्यूल चंद्रमा के पहले से अज्ञात क्षेत्र में पहुंच गया। डेली मेल ने भी इसे कवर किया है। अखबार ने लिखा कि भारत के चंद्रयान 3 ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरकर इतिहास रच दिया है।