Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Chandigarh: ‘एक वोट की कीमत तुम क्या जानो…’, पीयूष गोयल ने मनीष तिवारी को क्यों याद दिलाया पिछला चुनाव?


 चंडीगढ़। बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मनीष तिवारी शायद एक वोट का महत्व नहीं जानते।

 

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी का वोट लुधियाना में है। वह वहां कांग्रेस या आप किसे वोट देंगे। ये उनकी अपनी राय है। हालांकि, सोचिए पिछले चुनाव में जिस व्यक्ति ने वोट ही नहीं दिया हो। लोकतंत्र की इतनी अहम जिम्मेदारी ही नहीं निभाई। वह चंडीगढ़ के लोगों का भला कैसे करेगा।

वह चंडीगढ़ के लोगों से कैसे कहेगा कि वोट डालने जाओ। वह खुद वोट नहीं डालते तो उनकी बात कोई कैसे मानेगा। कैसे लोग उन पर भरोसा करेंगे कि वह चंडीगढ़ के लिए इमानदारी से काम कर पाएंगे जबकि खुद कितने लापरवाह हैं।’

उन्होंने आगे कहा कि सीपी जोशी एक वोट से चुनाव हार गए थे। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार एक वोट से गिर गई थी। अगर उन्होंने लुधियाना में जाकर अपना वोट नहीं डाला तो वहां हो सकता है कांग्रेस या आप का प्रत्याशी एक वोट से हार जाए। चंडीगढ़ के बाद वह लुधियाना जा रहे हैं वहां के लोगों से पूछेंगे कि मनीष तिवारी के वोट नहीं डालने पर उनकी राय क्या है।

पीयूष गोयल यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति लुधियाना, आनंदपुर साहिब से दर-दर भटक कर चंडीगढ़ पहुंचा हो उस पर भरोसा करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस और आप गठबंधन की वजह से दोस्ती निभा रहे हैं वहीं पंजाब में अलग चुनाव लड़ कुश्ती कर रहे हैं।

चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के नेता इसी बात को लेकर दुविधा में हैं। पंजाब में जहां उनकी सरकार है वहां दोनों एक दूसरे को बुरा भला कह रहे हैं। चंडीगढ़ में गले मिलना पड़ रहा है। चुनाव के बाद क्या होगा वह इसी दुविधा में हैं।

बेबुनियाद डिबेट करते हैं मनीष: गोयल

संजय टंडन को मनीष तिवारी की बहस की चुनौती पर पीयूष गाेयल ने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट के एक विख्यात वकील माने जाने वाले मनीष तिवारी कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने पर संसद में बेतुका तर्क से इसका विरोध किया था।

उनसे पूछा जाए कि क्या वह नहीं चाहते थे कि कश्मीर में महिलाएं सम्मान से जी सकें। शांति हो और वह भी देश के दूसरे लोगों की तरह खुलकर जी सकें। कहते हैं भाजपा 371 भी हटा देगी। कुछ भी बात करते हैं। ऐसे में जैसी बेबुनियाद डिबेट वह लोकसभा में करते हैं वैसी ही यहां करेंगे। इसलिए वह तो अपने किसी पार्षद को भी उनसे डिबेट के लिए नहीं भेजेंगे।’

मनीष राम मंदिर पर स्थिति स्पष्ट करें: गोयल

पीयूष गाेयल ने कहा कि 371 हटाने जैसी बात कहकर भड़काने वाले मनीष तिवारी राम मंदिर पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। चंडीगढ़ के लोग जानना चाहते हैं वह अयोध्या में बने भव्य मंदिर में विराजे राम के दर्शन करने क्यों नहीं गए। मनीष तिवारी की पार्टी कांग्रेस ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बहिष्कार किया। जो राम के नहीं हुए, राम काज में बाधा बने वह लोगों का भला कैसे करेंगे।

चंडीगढ़ संजय टंडन के नेतृत्व में सुरक्षित रहेगा। मनीष तिवारी कहते हैं कि वह 40 वर्ष से चंडीगढ़ की सेवा कर रहे हैं वह बताएं कि जब कोरोना से लोग जूझ रहे थे वह चंडीगढ़ में क्या कर रहे थे। कहीं सेवा करते दिखे क्यों नहीं।

वहीं संजय टंडन ने 50 बेड का टेंपरेरी अस्पताल बनाया। लोगों के लिए मास्क, पीपीई किट और सेनीटाइजर किट का प्रबंध किया। रोजाना 70 हजार लोगों के लिए खाने के पैकेट तैयार करा बांटे गए। जो प्रतिनिधि शहर को अच्छे से समझता हो। दिल भी चंडीगढ़ के लोगों के साथ हो और पूरा जीवन समर्पित कर दिया हो। इस लिए लोग सुख दुख में साथ खड़े रहने वाले संजय टंडन का साथ देंगे।

कपिल देव और युवराज सिंह का दिया उदाहरण

पीयूष गाेयल ने कहा कि वह संजय टंडन को बचपन से जानते हैं। स्कूल के दिनों में छुट्टियां साथ बिताई। टंडन की तरह वह भी सीए हैं। इसलिए अच्छे से सब उनके बारे में जानते हैं। टंडन ने अपनी कंपनी और बिजनेस के जरिए बहुत से युवाओं को कौशल विकास के अवसर प्रदान किए।

संजय टंडन के प्रयास से ही यूटीसीए को बीसीसीआई से मान्यता मिली। अब किसी भी खिलाड़ी को कपिल देव की तरह हरियाणा और युवराज सिंह की तरह पंजाब राज्य से खेलने की जरूरत नहीं है। जनता स्पष्ट कर चुकी है कि फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 400 से अधिक सीट देकर प्रधानमंत्री बनाना है। उनके नेतृत्व वाली इस टीम में ही संजय टंडन काम करते हुए चंडीगढ़ को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

पीएम मोदी ने रेहड़ी वालों तक का रखा ध्यान: गोयल

पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। अगले पांच वर्ष में तीसरे स्थान पर होगा। पीएम के भरोसा का ही प्रतीक है जो पहली बार रिकार्ड 50 लाख करोड़ रुपये का विदेशी मुद्रा निवेश भारत में हुआ।

कम ब्याज दर पर लोन मुहैया कराया लोगों के घरों का सपना साकार हुआ। पीएम स्वनिधि योजना, किसान समृद्धि योजना से किसान, रेहड़ी पटरी वालों तक का ध्यान रखा। रिसर्च डेवलपमेंट की बात करें तो 2014 से पहले छह हजार पेटेंट थे। पिछले साल तक एक लाख रजिस्टर्ड हो चुके हैं।

कांग्रेस ने देश को लूटने का काम किया। उनका बस चले तो वह लोगों को चमड़ी के रंग से बांट दे। कांग्रेस और उसके गठबंधन के साथी मिलकर लूटने के लिए तड़प रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जेल में जाने के डर से अनाप शनाप बोल रहे हैं। उनके आधे मंत्री जेल में हैं।