Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi MCD Polls: भाजपा के प्रचार वाहन दिल्ली वालों को याद दिलाएंगे AAP सरकार के अधूरे वादे


नई दिल्ली, । दिल्ली में नगर निगम चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही सभी पार्टियां प्रचार-प्रसार में लग गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में भाजपा के प्रचार वाहनों को रवाना किया। दिल्ली के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक वाहन भाजपा का प्रचार करेगी। वाहन में एलसीडी स्क्रीन से निगम और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताया जाएगा। साथ ही अरविंद केजरीवाल सरकार के अधूरे वादों को भी दिल्ली वालों के सामने रखा जाएगा।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस मौके पर कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में कुछ सप्ताह पहले भारत की अर्थव्यवस्था विश्वभर में पांचवें स्थान पर रही। भारत पर 190 वर्ष राज्य करने वाले ब्रिटेन इस मामले में हमसे पीछे है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व में तीसरे स्थान पर होगी।

रेवड़ी की राजनीति पर भाजपा की टिप्पणी

भाजपा ने निगम चुनाव से पहले एक बार फिर मुफ्त योजनाओं की राजनीति पर बहस छेड़ दी है। प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाने के बाद भाजपा ने कहा कि भारत को विकसित देश बनाने में रेवड़ी की राजनीति बाधा बन रही है। भाजपा ने दिल्ली सरकार पर राष्ट्रीय राजधानी में केंद्र की अच्छी योजनाएं लागू नहीं करने का आरोप भी लगाया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि दिल्ली की सरकार गरीबों के लिए मकान देने के लिए काम नहीं कर रही है। आम आदमी पार्टी सरकार सिर्फ रेवड़ी पालटिक्स करती है। दूसरे राज्यों के चुनाव में झूठे वादे करती है।

भाजपा ने AAP सरकार पर लगाए आरोप

भाजपा ने कहा कि दिल्ली का मेट्रो सिस्टम विश्व का सबसे बेहतर है। केजरीवाल सरकार के लाख कोशिशों के बावजूद भाजपा दिल्ली को विश्व का सबसे बेहतर राजधानी बनाएगी। भाजपा ने कहा कि पंजाब में जो भी हो रहा है उसके पीछे खालिस्तान समर्थकों का हाथ है। सिख फोर जस्टिस ने आरोपितों के समर्थन, कानूनी लड़ाई के लिए 10 लाख की सहायता की बात की है। पंजाब सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। पंजाब सरकार यदि कार्रवाई करने में हिचक रही है तो केंद्र सरकार को लिख कर दे। कानून व्यवस्था में कमी का लाभ उठाकर खालिस्तानी और अन्य देश विरोधी तत्व राज्य को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।