News TOP STORIES झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

Jharkhand: नक्‍सलियों के निशाने पर सुरक्षाबल, चाईबासा में IED ब्‍लास्‍ट में तीन जवान घायल


, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में आईईडी ब्लास्ट में तीन जवान घायल हो गये हैं। तीनों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है। चाईबासा जिले में एक बार फिर नक्सलियों के द्वारा लगाया गया आईईडी ब्लास्ट हुआ है। इस ब्लास्ट में नक्सल अभियान में लगे तीन जवान घायल हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने  घटना की पुष्टि की है। इसमें सीआरपीएफ 60 बटालियन के 3 जवान घायल हुए हैं, जिनकी पहचान हेड कांस्टेबल आरओ राकेश पाठक, सिपाही बी डी गुदाा और सिपाही पंकज यादव के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि नक्सलियों का गढ़ बन चुका कोल्हान के टोंटो थाना क्षेत्र के जंबाईबुरु और तुम्बाहासा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के शीर्ष बड़े नेताओं की घेराबंदी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे नक्‍सली एक तरफ से बौखला गए हैं और सुरक्षाबलों को लगातार अपने निशाने पर लिया जा रहा है। ये किसी न किसी तरह से सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में जुटे हुए हैं, लेकिन इन्‍हें सफलता नहीं मिल पा रही है।

मालूम हो कि अभी कुछ दिनों पहले ही सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के द्वारा लगाये गये 10 आईईडी बम सहित 3 नक्सली समर्थकों की गिरफ्तारी की है। इलाके में शीर्ष नक्‍सली नेताओं के खिलाफ 10 दिसंबर से ही लगातार अभियान चलाया जा रहा है।