Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

Lucknow: मुठभेड़ में गोली लगने से दो बदमाश घायल, गिरफ्तार; लॉन्‍ड्री संचालक से असलहा लगाकर की थी लूट


लखनऊ। कृष्णानगर के पंडित खेड़ा में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मठभेड़ में पुलिस की गोली से बाइक सवार दो बदमाश घायल हो गए। बदमाशों ने 14 जून को कृष्णानगर में लॉन्‍ड्री संचालक को असलहा लगाकर लूट की थी। घायल बदमाशों का लोकबंधु अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी तेज स्वरूप सिंह के मुताबिक, घायल बदमाशों में पीलीभीत पूरनपुर का रहने वाला आसिफ और इटावा भरथना का अभिनव है। दोनों ने 14 जून को कृष्णानगर में लॉन्‍ड्री संचालक को असलहा लगाकर नकदी लूटी थी।

कृष्णानगर इंस्पेक्टर टीम के साथ तड़के गश्त कर रहे थे। इस बीच पंडित खेड़ा सौभाग्य लान के पास बिना नंबर की बाइक से दो युवक जाते दिखे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह जंगल की ओर भागे। घेराबंदी की गई तो पुलिस पार्टी पर फायर करने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से दोनों घायल हो गए। दोनों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली तक करते थे लूट, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

एडीसीपी दक्षिणी शशांक सिंह के मुताबिक दोनों के गिरोह में कई अन्य बदमाश भी शामिल है। पीलीभीत, लखीमपुर, इटावा, मैनपुरी से लेकर गिरोह ने दिल्ली तक लूट की वारदात की है। इनका और अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। लॉन्‍ड्री संचालक से लूट करने के बाद दोनों बदमाश भागते समय सीसी कैमरे में कैद हो गए थे। उसी फुटेज से दोनों की पहचान हुई है।