News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

MP: रोजगार के लिए प्रदेश छोड़ रहे लोग, भाजपा लूट में व्यस्त; प्रियंका गांधी का BJP पर निशाना


 मंडला। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने आज यहां मंडला जिले में जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि हम चाहते हैं कि देश की, राज्य की, आपके जिले की संपत्ति आपके हाथ में हो। यही कांग्रेस पार्टी की परंपरा और सिद्धांत रहा है।

रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने लोगों को याद कराया कि इंदिरा गांधी जी ने ही उनको पट्टे दिलवाए थे। उन्होंने कहा ये पट्टे इस भावना से दिलवाए थे कि ये आपकी जमीन है, आपका सम्मान है। आपके लिए वन अधिकार कानून लाया गया, ताकि वन पर सबसे पहला अधिकार आपका रहे। यही आपकी और मनुष्यता की मूल संस्कृति रही है।

प्रियंका के भाजापा पर लूट के आरोप

जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजापा पर लूट के आरोप लगाते हुए कहा कि लोग रोजगार के लिए राज्य छोड़ रहे हैं और वो यहां आपके लिए रोजगार के अवसर पैदा नहीं कर रहे हैं। भाजपा 18 साल से सत्ता में है, लेकिन रोजगार के अवसर नहीं मिले हैं। वे केवल लूट में व्यस्त हैं, और हर जगह घोटाले हैं। वे चुनाव के समय अप्रासंगिक विषयों को लाते हैं जो लोगों के लिए भावनात्मक हैं।

रोजगार नहीं होने के कारण पलायन बढ़ा

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने आपको जो भी अधिकार दिए थे और आपको सशक्त बनाने के लिए जो भी काम किए थे, बीजेपी के सत्ता में आने पर वो सब आपसे छीन लिए गए। मनरेगा लागू नहीं किया गया। गांवों में रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण पलायन बढ़ गया है। आपकी जमीन छीनी जा रही है। आपको अपनी उपज का सही दाम नहीं दिया जाता है। जब आप आंदोलन करते हैं तो आप पर गोलियां चलाई जाती हैं।