Latest News नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय

Mumbai: मिहिर और राजर्षि बिदावत ने कबूला अपना गुनाह, शाह बोला- अपने किए पर है पछतावा


मुंबई। मुंबई हिट-एंड-रन मामले का मुख्य आरोपी मिहिर शाह पुलिस की हिरासत में है। मिहिर के साथ-साथ उसका दोस्त राजर्षि बिदावत भी पुलिस हिरासत में है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने मिहिर शाह और राजर्षि बिदावत को एक दूसरे के सामने बैठाया।

इस दौरान दोनों ने अपराध में अपनी भूमिका कबूल कर ली है। पुलिस ने आरोपियों की मौजूदगी में वास्तविक दुर्घटना वाली रात के समान दृश्य का रीक्रिएशन किया। सीजे हाउस वर्ली से लेकर सी लिंक वर्ली तक सीन को रीक्रिएट किया गया। आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए कहा कि उसे अपने किए पर पछतावा है। इसकी जानकारी मुंबई पुलिस ने दी है।

16 जुलाई को मिहिर को लिया था हिरासत में

इससे पहले बुधवार को मुंबई की एक अदालत ने मिहिर शाह को 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था।

मिहिर शाह को मंगलवार को विरार से गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को उसे मुंबई की सेवरी अदालत में पेश किया गया। शाह उस समय से फरार था जब उसकी कार ने रविवार, 7 जुलाई को वर्ली में डॉ. एनी बेसेंट रोड पर एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी।

उसे पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने चौदह टीमें बनाई थीं। पुलिस ने राजर्षि सिंह बिदावत और मिहिर के पिता राजेश शाह को मामले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया।

मृतक महिला के पति ने उठाए थे आरोपी की गिरफ्तारी पर सवाल

इस दुखद घटना के बाद, मृतक महिला के पति प्रदीप नखवा ने आरोपी की गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी को सीजे हाउस से घसीटकर सी लिंक रोड ले गया।

नखवा ने दावा किया था कि यह ‘राजनीति’ के कारण हुआ और विधानसभा सत्र समाप्त होने तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गिरफ्तारी में देरी इसलिए हुई क्योंकि आरोपी एक राजनीतिक नेता का बेटा था।

मुंबई पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय पीड़िता वर्ली कोलीवाड़ा की रहने वाली थी। उसका पति स्कूटर चला रहा था, जबकि वह पीछे बैठी थी। इस घटना में पति को भी चोटें आई हैं।

पुलिस ने बताया कि दंपति मछली खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी जिस स्कूटर पर वे सवार थे, उसे लग्जरी कार ने टक्कर मार दी। दोनों घायल हो गए और महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।