Latest News नयी दिल्ली पंजाब

Punjab: विधानसभा में सीएम भगवंत मान का एलान, सदन की कार्यवाही का होगा सीधा प्रसारण


चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि लोकसभा व राज्यसभा की तर्ज पर पंजाब विधानसभा की कार्यवाही का भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही योजना को अमली रूप दिया जाएगा।

पंजाब विधानसभा में सोमवार को स्पीकर चुनाव के बाद सदन को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने जब यह ऐलान किया तो विपक्ष ने भी इसका स्वागत किया। भगवंत मान ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को यह जानने का अधिकार है कि उनके चुने हुए प्रतिनिधि सदन के भीतर क्या काम करते हैं और वह उनके कितने मुद्दे उठाते हैं।

पंजाब विधानसभा में स्पीकर बने कुलतार सिंह संधवा भी विपक्ष में होते हुए विधानसभा की कार्यवाही को लाइव करने का समर्थन करते रहे हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक अमन अरोड़ा ने तो इस संबंध में पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में पीआईएल भी दायर की थी।