Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

Russia Ukraine War: यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में भाग लेंगे पुतिन के स्वयंसेवी लड़ाके


कीव,। रूस-यूक्रेन में तीसरे सप्ताह भी युद्ध जारी है। रूस ने आज अपना हमला तेज कर दिया है और यूक्रेन के कई शहरों पर घातक बमबारी कर रहा है। रूस की सेना अब कीव की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। इस बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि पश्चिमी यूक्रेनी शहरों इवानो-फ्रैंकिव्स्क और लुत्स्क में हवाई अड्डों के पास रूस ने आज कई जबरदस्त बम धमाके किए हैं।

दूसरी ओर रूस ने आज यूक्रेन से रूस के लिए दैनिक मानवीय गलियारे खोलने का ऐलान किया है। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार अब हर दिन सुबह दस बजे तक लोग यूक्रेन से रूस सुरक्षित कारिडोर से जा सकेंगे। उधर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मारियूपोल में सुरक्षित कारिडोर पर रूस द्वारा हमला करने का आरोप लगाया है। बता दें कि अभी तक 1,00,000 लोगों की दो दिनों में सुरक्षित निकासी हो चुकी है।

स्वयंसेवी लड़ाके भेजेंगे पुतिन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में रूस के युद्ध में शामिल होने के लिए मध्य पूर्व और अन्य जगहों से ‘स्वयंसेवक’ सेनानियों को लाने की मंजूरी दे दी है। जानकारी के अनुसार लड़ाकों में इस्लामिक स्टेट समूह से लड़ने वाले लोग शामिल होंगे, जो सीरिया में युद्ध में लड़े थे।

मारियोपोल में लगभग 1,300 लोगों की गई जान

मारियोपोल के मेयर वादिम बॉयचेंको ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेनी शहर पर रूसी सेना हर 30 मिनट में गोलाबारी कर रही है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में मेयर ने स्वीकार किया कि पिछले कुछ दिन शहर के लिए विशेष रूप से कठिन रहे हैं। मेयर के अनुसार रूसी सेना रणनीतिक रूप से जानबूझकर आवासीय भवनों पर गोलाबारी कर रही है। मारियुपोल की नगर परिषद के अनुसार, लगभग 1,300 नागरिक अभी तक मारे गए हैं।