News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

Samadhan Yatra: बक्सर में सीएम नीतीश कुमार महादलित बस्ती का करेंगे निरीक्षण


बक्सर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के क्रम में बुधवार को बक्सर पहुंचे हैं। वे हेलिकॉप्टर से पटना से बक्सर पहुंचे, जहां उनका हेलिकॉप्टर चक्की प्रखंड के बलबतरा गांव में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। अपने बक्सर दौरे के दौरान सीएम महादलित बस्ती का निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चक्की प्रखंड के ही हेनवा गांव के वार्ड नंबर-11 में महादलित बस्ती का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वहां सीएम लोगों से बातचीत करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री वहां जल-जीवन हरियाली के तहत बने तालाब का मुआयना करेंगे। हेनवा में तालाब के निरीक्षण के अलावा वहां लगाए गए स्टॉल का मुआयना भी मुख्यमंत्री करेंगे।

हेनवा में सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे और वहां योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जाएगा। यहां से मुख्यमंत्री का कारवां कठार के लिए रवाना होगा। कठार में कार्यक्रम के लिए कठार उच्च विद्यालय को सजाया-संवारा गया है। वहां मुख्यमंत्री जैविक खेती का निरीक्षण करेंगे। कठार में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से जिला मुख्यालय आएंगे।

मुख्यमंत्री का जिला मुख्यालय के एमपी हाईस्कूल में जीविका दीदियों के साथ संवाद का कार्यक्रम है। उसके बाद सीएम समाहरणालय में वह अधिकारियों से रूबरू होंगे और जिले की प्रशासनिक व्यवस्था से अवगत होंगे। इस बीच मुख्यमंत्री के ब्रह्मपुर जाने की संभावना भी बन रही है।

समाधान यात्रा का पहला चरण लखीसराय में होगा समाप्त

बता दें की नीतीश कुमार की समाधान यात्रा पांच जनवरी से शुरू हुई, जो सात फरवरी तक चलेगी। समाधान यात्रा की शुरुआत पांच जनवरी (गुरुवार) से पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर के दरुआबारी गांव से हुई। यहां पर सीएम ने विकास कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्या जानी।

मुख्यमंत्री के समाधान यात्रा का पहला चरण 29 जनवरी को लखीसराय में समाप्त होगा। यात्रा के दौरान 18 जिलों को कवर किया जाएगा।