Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Tripura: दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों के साथ हुआ सामूहिक दुष्कर्म एक आरोपी गिरफ्तार; आठ आरोपी अब भी फरार –


अगरतला, । त्रिपुरा के गोमती जिले में दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सहायक महानिरीक्षक (एआईजी) ज्योतिष दास चौधरी ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान तिंघारिया के मोलराई जमातिया के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन आठ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

लड़कियों का फेसबुक फ्रेंड था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियां बुधवार को जिले के अमरपुर शहर में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बैशाकी मेला’ में शामिल होने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान वे मोलराई से मिली, जो फेसबुक के जरिए उनका दोस्त बना था।

आठ-नौ आरोपियों ने किया दुष्कर्म

पुलिस ने बताया, “आरोपी दोनों लड़कियों को स्कूटर पर बैठाकर मेले से दूर चेचुआ में रबर बागान में ले गया। वहां उसके सात-आठ दोस्त उसका इंतजार कर रहे थे। वहीं पर मौका पाते ही आरोपी मोलराई और उसके सभी दोस्तों ने मिलकर दोनों लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मोलराई दोनों लड़कियों को अमरपुर ले गया और गुरुवार तड़के सुबह उन्हें छोड़कर भाग गया।”

मुख्य आरोपी हुआ गिरफ्तार

दोनों लड़कियों के बयान के आधार पर पुलिस हरकत में आई और गुरुवार को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में कथित संलिप्तता के लिए मोलराई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं। जांच प्रक्रिया के तहत पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण किया गया है।’

त्रिपुरा महिला आयोग ने की घटना की निंदा

त्रिपुरा महिला आयोग (टीसीडब्ल्यू) ने दो आदिवासी लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की निंदा की है। उन्होंने कहा, “यह हैरानी की बात है कि अमरपुर के चेचुआ इलाके में युवकों के एक समूह ने दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। टीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष बरनाली गोस्वामी ने शुक्रवार को कहा, “हमने अपराध की निंदा की और जघन्य कृत्य में शामिल लोगों के लिए उचित कार्रवाई और सजा की मांग की।