News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

UP: कांग्रेस ने तीन और प्रत्याशी घोषित किए, जानिए किसको कहां से मिला टिकट


लखनऊ,। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार तीन और प्रत्याशी घोषित किए हैं। पार्टी ने आजमगढ़ की गोपालपुर सीट से मिर्जा शान आलम बेग को प्रत्याशी बनाया है जो छात्र राजनीति में सक्रिय रहे हैं और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हुए आंदोलन में भी सक्रिय थे। मुबारकपुर सीट से अपने पुराने कार्यकर्ता जावेद मंदे की पत्नी परवीन मंदे को उम्मीदवार घोषित किया है। गाजीपुर की जहूराबाद सीट से ज्ञान प्रकाश मुन्ना को चुनाव मैदान में उतारा है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसी क्रम में शुक्रवार को तीन और प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इससे पहले गुरुवार को 33 और प्रत्याशियों की सूची जारी की गई थी, जिसमें 15 महिलाएं हैं। पार्टी ने गोरखपुर नगर सीट से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व उपाध्यक्ष चेतना पांडेय को प्रत्याशी बनाया है जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती देंगी।

इसी प्रकार फिशरमैन कांग्रेस के चेयरमैन देवेंद्र निषाद को गोरखपुर ग्रामीण सीट से पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारा है। पूर्व सांसद और पार्टी की इलेक्शन स्ट्रैटेजी व प्लानिंग कमेटी के अध्यक्ष राजेश मिश्रा को वाराणसी कैंट से प्रत्याशी बनाया गया है। कुछ अरसा पहले भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक छब्बू पटेल को मुगलसराय सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है।

जौनपुर के जिलाध्यक्ष फैसल तबरेज हसन को जौनपुर सीट का टिकट दिया गया है। प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चित्तू पांडेय के प्रपौत्र जैनेंद्र कुमार पांडेय को पार्टी ने बलिया की फेफना सीट से प्रत्याशी बनाया है। पूर्व विधायक नदीम जावेद की बजाय पार्टी ने जौनपुर सीट का टिकट वहां के जिलाध्यक्ष फैसल तबरेज हसन को दिया है। चुनार सीट से पार्टी ने मीरजापुर के जिलाध्यक्ष शिव कुमार पटेल की पत्नी सीमा देवी पर भरोसा जताया है।