News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

UP: पांचवीं जन चौपाल में बोले पीएम मोदी- योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश को दिया स्थायित्व


लखनऊ, । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में वर्चुअल प्रचार का मोर्चा बखूबी संभाल लिया है। उत्तराखंड और पंजाब के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं के साथ प्रत्याशियों को भी संबोधित किया। उन्होंने संभल, बदायूं और रामपुर के मतदाताओं को संबोधित किया। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांचवीं जनचौपाल थी। इन तीनों जिलों में दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। दूसरे चरण के मतदान वाले तीन अन्य जिलों के मतदाताओं को पीएम मोदी ने सोमवार को संबोधित किया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनचौपाल में विपक्षी दलों पर हमला बोलने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम को काफी सराहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता काफी समझदार है। यह परखने के बाद ही किसी भी विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि यूपी परखता सबको है, लेकिन विश्वास उसी को देता है, जो उसकी उम्मीदों पर खरा उतरता है। यह लोग प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार से पहले अनेक साल विकल्पों की तलाश में रहे। अब इनको स्थायित्व वाला शासन मिला है। उत्तर प्रदेश की जनता को स्थायित्व के साथ निरंतरता का विश्वास मिल चुका है।

पीएम मोदी ने संभल, रामपुर और बदायूं की 15 विधानसभा क्षेत्रों के लिए जन चौपाल रैली को संबोधित किया। 69 मंडलों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर लोगों को प्रसारण दिखाया गया। रैली का संचालन लखनऊ के वर्चुअल रैली स्टूडियो से किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद से रैली में जुड़े।

संभल जिले की चंदौसी, असमौली, संभल और गुन्नौर विधानसभा के सभी मंडलों में स्क्रीन लगाई गई। रामपुर की स्वार, चमरौआ, बिलासपुर, रामपुर और मिलक विधानसभा क्षेत्र और बदायूं जिले की बिसौली, सहसवान, बिल्सी, बदायूं, शेखुपुर और दातागंज विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। इन जिलों के 6081 बूथों पर बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख, लाभार्थी और आम जन को टेलीविजन के माध्यम से भी रैली दिखाने की व्यवस्था की गई। यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार को थम गया है।