Latest News नयी दिल्ली प्रयागराज राष्ट्रीय

UP Lok Sabha Chunav Result: फ्लॉप कहे गए ‘लड़कों’ का हिट शो, संगमनगरी में सपा और कांग्रेस ने मारी बाजी, भाजपा को झटका


प्रयागराज।18 वीं लोकसभा के चुनाव में चार जिलों प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशांबी की पांच लोकसभा सीटों में से भाजपा को चार से हाथ धोना पड़ा। सिर्फ फूलपुर लोकसभा सीट उसके हिस्से में आई। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में 40 साल बाद कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया।

इलाहाबाद लोकसभा सीट पर 1984 में कांग्रेस उम्मीदवार रहे अमिताभ बच्चन ने दिग्गज नेता हेमवती नंदन बहुगुणा को हराया था। इस बार गठबंधन के तहत कांग्रेस से उज्ज्वल रमण सिंह को प्रत्याशी बनाया गया। वह सफल भी रहे। उन्हें 4,62,145 मत मिले और निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी को 4,03,350 मत। कांग्रेस ने 58,795 मतों से जीत दर्ज की।

 

तीसरे स्थान पर रहे बसपा प्रत्याशी रमेश सिंह पटेल को केवल 49,144 मतों से संतोष करना पड़ा। ऐतिहासिक फूलपुर लोकसभा सीट के लिए सबसे ज्यादा संघर्ष हुआ। यहां भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल को 45,2600 मत मिले और निकटतम सपा प्रत्याशी अमरनाथ सिंह मौर्य ने 448268 मत प्राप्त किया। सबसे कम वोटों से हार-जीत यहीं हुई। भाजपा ने 4332 मतों से जीतकर लाज बचाई ।

प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर सपा प्रत्याशी डा. एसपी सिंह पटेल 4,41,932 मत के साथ विजयी रहे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता की दोबारा जीत नहीं होने दी। भाजपा प्रत्याशी को 3,75,726 मत मिले और सपा प्रत्याशी 66,206 वोटों से जीते।

 

बसपा प्रत्याशी प्रथमेश मिश्र सेनानी 80,144 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। यहां सर्वाधिक 26 प्रत्याशी थे। कौशांबी (सुरक्षित) लोकसभा सीट से विनोद सोनकर हैट-ट्रिक नहीं बना सके। उन्हें इस बार 4,05,843 मत मिले और 1,03,944 मतों से हार का मुंह देखना पड़ा।

निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के युवा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज को कुल 5,09,787 मत मिले। लंदन में शिक्षित इस युवा उम्मीदवार की जीत सबसे बड़ी रही। बसपा प्रत्याशी शुभ नारायण गौतम 55858 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। यहां 10 प्रत्याशी थे।

 

फतेहपुर में सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को 33 हजार 199 मतों के अंतर से हराया। सपा प्रत्याशी को पांच लाख तीन सौ 28 मत प्राप्त हुए जबकि भाजपा प्रत्याशी को चार लाख 67 हजार 129 मत ही मिले।