News TOP STORIES उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

Uttarakhand : पुष्‍कर सिंह धामी आज लेंगे मुख्‍यमंत्री पद की शपथ, पांच मंत्रियों के नाम हुए कंफर्म


पुष्कर सिंह धामी बुधवार दोपहर ढाई बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कैबिनेट के कुछ सदस्यों को भी शपथ दिलाई जा सकती है। शपथ ग्रहण समारोह देहरादून के परेड मैदान में होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय नेता शामिल होंगे।

  • शपथ ग्रहण से पूर्व कार्यकर्त्‍ताओं ने की पूजा-अर्चना

    उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण से पूर्व कार्यकर्त्‍ताओं ने पूजा अर्चना की। हरबर्टपुर मंडल के कार्यकर्त्‍ताओं ने हरबर्टपुर वैष्णों माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। भगवान से प्रार्थना की कि पुष्कर धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करे और सुशासन के पथ पर अग्रसर हो। इस दौरान हरबर्टपुर मंडल के अध्यक्ष दिनेश कौशिक, जनार्दन जोशी, संतोष रावत, विनोद कश्यप, राहुल शर्मा, पुष्पेंद्र उपाध्याय, देवेंद्र धीमान, नरेंद्र राठौर आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
  • सुबो‍ध उनियाल बनेंगे मंत्री, लेंगे शपथ

     

    सुबोध उनियाल को धामी कैबिनेट में जगह मिलने जा रही है। वह भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। बता दें कि सुबोध उनियाल टिहरी जनपद के नरेंद्र नगर से विधायक हैं।

    ये तीन भी बनेंगे मंत्री

     

    सौरभ बहुगुणा को भी उत्‍तराखंड सरकार के नए मंत्रिमंडल में जगह दी जा रही है। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट कर यह जानकारी दी है। विधानसभा चुनावों सौरभ बहुगुणा ने सितारगंज सीट से जीत दर्ज की है। वहीं उमेश शर्मा काऊ को भी मंत्रिमंडल में जगह दी जा रही है। वह रायपुर सीट से भाजपा प्रत्‍याशी हैं। मसूरी सीट से विधायक गणेश जोशी भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे।

     

    ऋतु खंडूड़ी बन सकती हैं विधानसभा अध्‍यक्ष

     

    सूत्रों से खबर है कि ऋतु खंडूड़ी को विधानसभा अध्‍यक्ष बनाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो उत्‍तराखंड में पहली बार कोई महिला विधानसभा अध्‍यक्ष बनेगी।

     


  • आठ मंत्री आज ले सकते हैं शपथ

     

    सूत्रों के अनुसार बागेश्‍वर के विधायक चंदनराम दास पहली बार मंत्री बन सकते हैं। वहीं गणेश जोशी, सतपाल महाराज, धनसिंह रावत सहित आठ मंत्री आज शपथ ले सकते हैं।

     


  • नजर आएगी उत्तराखंडी संस्कृति की झलक

     

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी मंत्री परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में उत्तराखंडी संस्कृति की झलक नजर आएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में सांस्कृतिक दल मांगल गीत व स्वागत गीत प्रस्तुत करेंगे।

     


  • पांच एलईडी स्क्रीन पर होगा सजीव प्रसारण

     

    संभावित भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल के चारों और बड़ी पांच एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी। इनमें शपथ ग्रहण समारोह का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा, जिससे हर कोई इस आयोजन से सीधे जुड़ सके। इसके अलावा आयोजन स्थल से लेकर लैंसडौन चौक तक स्पीकर भी लगाए गए हैं।

     


  • मंच के पीछे उतरेगा प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर

     

    मुख्य मंच के पीछे बड़ा स्थान खाली छोड़ा गया है। यहां तीन हेलीकाप्टर को खड़ा करने का स्थान बनाया गया है। यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जिस हेलीकाप्टर से आएंगे उसे खड़ा किया जाएगा।

     


  • परेड मैदान में लगाई गईं 20 हजार कुर्सियां

     

    परेड मैदान आने वाले लोगों की पुलिस जांच कर रही है। आयोजन स्थल पर अतिथियों के लिए 20 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अलावा पांच हजार व्यक्तियों के खड़े होने का स्थान भी छोड़ा गया है। माना जा रहा है कि आयोजन में तकरीबन 25 हजार व्यक्ति उपस्थित हो सकते हैं।

     


  • दर्शन लाल चौक से लैंसडाउन चौक जीरो जोन

     

    देहरादून परेड मैदान में होने वाली शपथ ग्रहण के दौरान दर्शन लाल चौक से लैंसडाउन चौक आने वाला मार्ग जीरो जोन कर दिया गया है।

     


  • दोपहर ढाई बजे शुरू होगा शपथ का कार्यक्रम

     

    शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.30 बजे आरंभ हो जाएगा, जबकि शपथ का कार्यक्रम ढाई बजे शुरू होगा। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2.10 बजे परेड मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम दोपहर ढाई बजे शुरू होगा।

     

    11 मंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण कर सकते हैं धामी

     

    माना जा रहा है कि धामी अपने 11 मंत्रियों के साथ शपथ ग्रहण कर सकते हैं। मंत्री परिषद में इस बार पिछले मंत्रिमंडल के कुछ सदस्यों की छुट्टी हो सकती है। ऐसे में नए चेहरों को अवसर देने के साथ सरकार में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जा सकता है।

     


  • अब तक राज्‍य को 11 मुख्‍यमंत्री मिल चुके

     

    उत्‍तराखंड राज्‍य को बने 21 साल पूरे हो चुके हैं। उत्‍तराखंड नौ नवंबर साल 2000 में अलग राज्‍य के रूप में अस्तित्‍व में आया था। तब से अब तक राज्‍य को 11 मुख्‍यमंत्री मिल चुके हैं