पटना

आर्ट्स में ग्रेजुएशन करने वालों की संख्या सबसे ज्यादा


      • उच्चतर शिक्षा में पुरुषों से आगे निकलीं महिलाएं
      • साइंस में हो रहे सबसे ज्यादा पीएचडी

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। देश में आर्ट्स में ग्रेजुएशन करने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है, जबकि पीएचडी करने वाले ज्यादातर शोधार्थी साइंस के हैं। यह खुलासा अखिल भारतीय उच्चतर शिक्षा सर्वे में हुआ है। अखिल भारतीय उच्चतर शिक्षा सर्वे का रिपोर्ट गुरुवार को दिल्ली में जारी हुआ है। यह  सर्वे रिपोर्ट वर्ष 2019-20 का है।

रिपोर्ट के मुताबिक उच्चतर शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) का राष्ट्रीय औसत 27.1 प्रतिशत है। सकल नामांकन अनुपाल (जीईआर) में महिलाओं का प्रतिशत राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) में पुरुषों का राष्ट्रीय औसत 27.1 प्रतिशत है। महिलाओं के सकल अनुपात (जीईआर) का राष्ट्रीय औसत 27.3 प्रतिशत है।

रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि देश भर में सबसे ज्यादा आर्ट्स ग्रेजुएट हैं। आर्ट्स ग्रेजुएट की संख्या 20.7 लाख है। दूसरे स्थान पर साइंस ग्रेजुएट हैं। साइंस ग्रेजुएट की संख्या तकरीबन 16 लाख है। कॉमर्स ग्रेजुएट तीसरे स्थान पर हैं। कॉमर्स ग्रेजुएट की संख्या तकरीबन 12.6 लाख है।