पटना

नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन का आज होगा भव्य स्वागत


पार्टी को नयी मजबूती प्रदान करेंगे ललन सिंह : उमेश कुशवाहा

पटना (आससे)। बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि शुक्रवार, ६ अगस्त, २०२१ को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का पटना आगमन होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार बिहार आ रहे हैं। इस मौके को खास बनाने के लिए इसी दिन दोपहर २ बजे जदयू मुख्यालय में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। उत्साहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष के अभिनंदन की भव्य तैयारी में जुटे हैं।

श्री कुशवाहा ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि ललन सिंह पार्टी को नयी मजबूती प्रदान करेंगे। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने बूथ तक संगठन को खड़ा कर एक नयी लकीर खींची और हम सबके नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों को नीचे तक पहुंचाया। ललन सिंह उनके कार्यों को आगे बढ़ायेंगे। उनके पास नीतीश कुमार के साथ काम करने का कई दशकों का समृद्ध अनुभव है। साथ ही उन्होंने लंबा सार्वजनिक एवं संसदीय जीवन व्यतीत किया है। इसका उपयोग वे दल को आगे बढ़ाने और देश भर में जदयू का विस्तार करने में करेंगे।

उन्होंने कहा कि नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने अपील की है कि समता पार्टी के गठन काल के बाद किसी कारणवश भूले-बिछड़े व असक्रिय सभी पुराने साथी बिहार व देश के लिए आवश्यक जनहितकारी मुद्दों के साथ सक्रिय होकर जनता दल यूनाइटेड से जुड़ जाएं। उनके बहुमूल्य विचारों व सुझावों का सम्मान होगा। साथ ही उन्होंने बिहार व देश भर से नयी पीढ़ी के ओजस्वी युवा साथियों का आह्वन किया है कि ‘न्याय के साथ विकास’ वाली नीतियों का अक्षरश: पालन करनेवाली पार्टी से जुड़ें और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने में भागीदारी बनें।