Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि बोले- कर्नाटक में कांग्रेस शासन के दौरान हुए घोटालों की होगी जांच


बेंगलुरु,  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार राज्य में पिछले कांग्रेस शासन के तहत हुए घोटालों की जांच का आदेश देगी। साथ ही भाजपा महासचिव सीटी रवि ने कहा कि जांच में दोषी मिलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएम बसवराज बोम्मई ने की शिरकत

दरअसल, भाजपा नेता की टिप्पणी एक बैठक के बाद आई। जिसमें भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य बीएस येदियुरप्पा ने हिस्सा लिया था। बैठक के दौरान भाजपा की प्रदेश इकाई के नेताओं के बीच पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान हुए घोटालों का पता लगाने और भाजपा सरकार पर लगे 40 प्रतिशत रिश्वत के आरोपों की जांच के आदेश देने पर चर्चा हुई।

कांग्रेस के राज में हुए घोटालों की होगी जांच- सीटी रवि

बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि, विधायक जगदीश शेट्टार, सांसद डीवी सदानंद गौड़ा, भाजपा राज्य इकाई के आयोजन सचिव राजेश जेवी, मंत्री गोविंदा करजोल, आर अशोक और विधायक केएस ईश्वरप्पा मौजूद थे। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए रवि ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान हुए कई घोटालों पर पर्दा डाला गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के घोटालों का पर्दाफाश करने और जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को लेकर बैठक में लंबी चर्चा हुई।

सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का रखा लक्ष्य

इसके साथ ही बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर जनसंवाद और जनोत्सव कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ने के लिए एक कार्यक्रम भी तैयार किया गया है। रवि ने कहा इस कार्यक्रम को हर विधानसभा क्षेत्र में सफल बनाने का फैसला लिया गया है।

राज्य में सेवा पखवाड़ा आयोजित करेगी भाजपा

सूत्रों के अनुसार वर्ष 2018 के चुनाव की तैयारियों की तर्ज पर ही 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करने पर चर्चा हुई है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पिछले चुनाव से पहले हुई परिवर्तन यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस बीच, रविवार को हुई भाजपा नेताओं की एक बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से पूरे राज्य में सेवा पखवाड़ा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।