Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

करहल में रिजॉर्ट पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद गरमाई राजनीति; लालू के दामाद बोले- कार्यकर्ताओं में भय फैलाने के लिए तोड़ा


मैनपुरी। करहल नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी अब्दुल नईम के रिसोर्ट पर बुलडोजर चलने को लेकर राजनीति गरमा रही है। सोमवार को सपा के पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे। उनसे मामले की जानकारी ली।

मीडिया से बात करते हुए पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने कहा कि जिस तरह अब्दुल नईम के मैरिज होम और बने हुए कमरों को तोड़ा गया है, यह सब भाजपा सरकार द्वारा सपा कार्यकर्ताओं में भय फैलाने के लिए किया गया है। जिस मैरिज होम को तालाब की जगह बताकर प्रशासन ने बुलडोजर चलवाए हैं। वह अब्दुल नईम द्वारा खरीदी हुई जगह पर बनाया गया है। इसके बैनामे के कागज इनके पास मौजूद हैं।

मैरिज होम पर बुलडोजर चलाया गया।

तेज प्रताप ने कहा, प्रशासन ने की मनमानी

तेज प्रताप यादव ने कहा, कि न्यायालय के आदेश भी उनके पास सुरक्षित हैं। मगर प्रशासन ने मनमानी करते हुए भाजपा सरकार को खुश करने के लिए बुलडोजर चलाकर मैरिज होम और उसकी बिल्डिंग को तोड़ा है। सबसे ज्यादा अवैध कब्जे भाजपा के लोगों ने कर रखे हैं। यदि वास्तव में सरकार ईमानदारी से काम कर रही है तो पहले भाजपा नेताओं द्वारा किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाए।

 

करहल में होना है उपचुनाव

पूर्व सांसद ने कहा कि कुछ ही समय बाद करहल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होने जा रहा है। उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी अपना प्रभाव दिखाने और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता-पदाधिकारियों को डराने का प्रयास कर रही है। मगर सपा कार्यकर्ता इन बातों से भयभीत होने वाला नहीं है।