पटना

जदयू को मजबूत करेंगे उमेश कुशवाहा


पटना। उमेश कुशवाहा को प्रदेश जदयू का अध्यक्ष बनाए जाने पर जदयू नेताओं ने खुशी का इजहार किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को बधाई दी है, साथ ही एक नौजवान नेता को इतनी बड़ी जिम्मेवारी देने के लिए आभार भी जताया है। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, पूर्व शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, पूर्व विधान पार्षद प्रो. रणवीर नंदन, बिहार नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव छोटू सिंह, राज्य खाद्य आयोग के सदस्य नंदकिशोर कुशवाहा, विधान पार्षद प्रो. गुलाम गौस ने कहा कि उमेश कुशवाहा के अध्यक्ष बनने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि उमेश कुशवाहा जदयू को मजबूत करेंगे। बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को जो जनादेश दिया है उसमें पार्टी श्री कुशवाहा के नेतृत्व में अपनी भूमिका निभाएगी। प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि उमेश कुशवाहा के अध्यक्ष बनने से जदयू का आधार वोट मजबूत होगा। इसका लाभ दल को प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक में मिलेगा।

कृष्णनंदन वर्मा ने कहा कि पार्टी जमीनी तौर पर सशक्त होगी। युवा जदयू के प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह सेतु ने कहा कि उमेश कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी का व्यापक विस्तार होगा। सांसद चंदेश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी, जदयू प्रवक्ता अंजुम आरा, अरविंद निषाद, निखिल मंडल, युवा जदयू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रंजीत कुमार झा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष डॉ. मधुरेन्दु पांडेय, प्रदेश महासचिव नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, पार्टी नेता सुमन कुमार मल्लिक आदि ने भी उमेश कुशवाहा को अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है।